सांसद हिमाद्री सिंह के वाहन को रोका
- फोटो : अमर उजाला
अनूपपुर जिले में एक जनवरी से हिट एंड रन मामले में सरकार द्वारा लाए गए नए कानून का लगातार वाहन चालकों के द्वारा अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जाकर विरोध जताया जा रहा है। जहां मंगलवार को शहडोल सांसद हिमाद्री सिंह जो कि किसी कार्यक्रम में शामिल होने के लिए नेशनल हाइवे से कोतमा की ओर जा रही थीं। इसी दौरान बदरा नेशनल हाइवे पर वाहन चालकों ने शहडोल सांसद हिमाद्री सिंह के वाहन को रोक लिया।
वाहन चालकों के द्वारा नेशनल हाइवे पर विरोध प्रदर्शन किया जा रहा था। इसी दौरान शहडोल सांसद हिमाद्री सिंह के पहुंचने पर वाहन चालकों ने अपनी समस्या उन्हें बताई, जिस पर सांसद ने कहा कि मैं आप सभी की बात ऊपर तक पहुंचाऊंगी, किसी के साथ अन्याय नहीं होने दूंगी।
सांसद के सामने लगाए सरकार की तानाशाही के नारे
नेशनल हाइवे पर बदरा में वाहन चालकों के द्वारा सड़क पर विरोध प्रदर्शन किया जा रहा था। उस दौरान पुलिस वहां पहले से उपस्थित थी। वाहन चालकों ने अपनी समस्या सांसद को बताई, इसके बाद वाहन चालकों ने सरकार की तानाशाही के विरोध में सांसद के सामने ही नारेबाजी की। कुछ समय तक लोगों से बातचीत करने के बाद सांसद वहां से रवाना हो गई।