भोपाल में दंपती की गोली मारकर हत्या कर दी गई।
- फोटो : अमर उजाला
ऐशबाग इलाके में गोली मारकर दंपती की हत्या करने के मामले में पुलिस को अभी तक अहम सुराग नहीं लगा है। सीसीटीवी कैमरों के फुटेज से मदद नहीं मिली है। दोनों के मोबाइल फोन की कॉल डिटेल में भी कोई संदिग्ध फोन नंबर नहीं मिला है। अब पुलिस का फोकस दंपती के घर आने वाले परिचितों व किराएदारों पर ही है। पुलिस ने ऐसे बीस लोगों की सूची भी तैयार की है उनके पूछताछ कर गुत्थी सुलझाने की कोशिश की जाएगी। पुलिस इस पहलू पर भी जांच कर रही कि कहीं किसी ने सुपारी देकर दंपती की हत्या तो नहीं कराई।
ऐशबाग पुलिस ने तीन दिन पहले सुदामा नगर निवासी रिटायर्ड दंपती हेमंत बारीक (70) और उनकी पत्नी शकुंतला बारीक (70) की लाश उनके ही घर से बरामद की थी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में खुलासा हुआ कि दोनों को दो-दो गोली मारी गई थीं। पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की लेकिन तीन दिन बाद भी कोई अहम सुराग नहीं मिल पाया है। जांच फिलहाल कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर), सीसीटीवी फुटेज और रिश्तेदारों से पूछताछ पर टिकी हुई है। पुलिस का मानना है कि दोहरे हत्याकांड को किसी करीबी ने अंजाम दिया है और इसके पीछे संपत्ति या पैसों का विवाद हो सकता है।
ये भी पढ़ें-
डबल मर्डर का सुराग नहीं: इटारसी की संपत्ति बेचने पर आए 13 लाख बैंक में जमा फिर क्यों हुई हत्या, उलझी पुलिस
कैमरे खंगाले, कॉल डिटेल निकलवाई
पुलिस और क्राइम ब्रांच की टीमें घटनास्थल से मुख्य सडक़ तक लगे 50 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल चुकी हैं। साथ ही मृतक दंपती के मोबाइल फोन की सीडीआर निकलवाई गई। जिससे घटना से पहले संपर्क में आए लोगों की जानकारी मिल सके। पुलिस को उम्मीद है कि तकनीकी साक्ष्यों से जल्द अहम सुराग मिलेंगे। एफएसएल और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के अनुसार दोनों को बेहद करीब से गोली मारी गई थी। डॉक्टरों की राय मिलने के बाद पुलिस ने जांच का दायरा बढ़ाते हुए चुनिंदा शार्प शूटरों और आपराधिक गतिविधियों में शामिल संदिग्धों से पूछताछ शुरू की है। हालांकि अब तक कोई सफलता नहीं मिली है।
ये भी पढ़ें-
संपत्ति या रंजिश? भोपाल में दंपती की गोली मारकर हत्या, दो दिन तक पड़ी रहीं लाशें; FSL जांच ने पलटी कहानी
पिछले दरवाजे के घुसे बदमाश
सूत्रों के मुताबिक घटना के समय मकान का पिछला दरवाजा खुला था, जिससे आशंका है कि आरोपी पीछे के रास्ते से घर में घुसे और वारदात के बाद उसी रास्ते से फरार हो गए। दंपती की ऊपरी मंजिल छात्रों को किराए पर दी गई थी। दो दिन तक दोनों के नहीं दिखने पर किराएदार किराया देने पहुंचा तो घर से बदबू आ रही थी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दरवाजा खोलकर देखा तो हेमंत बारीक का शव बिस्तर पर और शकुंतला बारीक का शव सोफे पर पड़ा मिला। पुलिस को आशंका है कि हत्या किसी परिचित ने की है। संपत्ति या पैसों का विवाद संभावित वजह माना जा रहा है। शार्प शूटरों और आपराधिक प्रवृत्ति के संदिग्धों से भी पूछताछ जारी है।