कृषि मंत्री कमल पटेल ने पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ पर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि सीएम रहते हुए कमलनाथ ने प्रदेश के किसानों का दो हजार करोड़ का नुकसान कराया है। उन्होंने किसानों की फसल बीमा का प्रीमियम जमा नहीं किया था।
कृषि मंत्री कमल पटेल ने कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष कमलनाथ से दो हजार करोड़ रुपये मांगते हुए कहा कि 15 महीनों की सरकार के दौरान उन्होंने किसानों की फसल बीमा का प्रीमियम जमा नहीं किया था। जिसकी वजह से किसानों का दो हजार करोड़ का नुकसान हुआ है। कांग्रेस ने हमेशा किसानों का अहित करने का प्रयास किया जिसका यह भी एक उदाहरण है। पटेल ने कहा है कि प्रदेश में कांग्रेस की 15 महीनों की सरकार ने अगर किसानों के फसल बीमा का प्रीमियम जमा कर दिया होता तो यह समस्या नहीं आती। प्रदेश के किसानों को दो हजार करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है और इसकी क्षतिपूर्ति कमलनाथ को करनी चाहिए।
कृषि मंत्री ने बताया कि प्रदेश में कुल किसानों की प्रभावित फसल के बीमा की क्षतिपूर्ति 11 हजार करोड़ रुपये होती थी, लेकिन कांग्रेस सरकार द्वारा किसानों का प्रीमियम न जमा करने के कारण बीमा कंपनियों से वर्तमान सरकार को महज 9 हजार करोड़ रुपये मिले। कृषि मंत्री में कहा है कि कमलनाथ कांग्रेस पार्टी से दो हजार करोड़ दिलवाएं और किसानों से माफी मांगें।
कृषि मंत्री कमल पटेल ने पूर्व जिला अध्यक्ष राकेश शर्मा के घर कार्यकर्ताओ से भेंट की। उमरिया में बिजली ट्रांसफार्मरों के जलने के कारण किसानों की फसल सूखने की शिकायत पर कृषि मंत्री ने बिजली विभाग के सीएमडी से फोन पर बात कर जिले में उच्च क्षमता के बिजली ट्रांसफॉर्मर लगाने के निर्देश दिए हैं। इस दौरान पार्टी के कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी मौजूद रहे।