बगुलामुखी मंदिर, नलखेड़ा
- फोटो : अमर उजाला
रोजाना 30 हजार से अधिक भक्त आने का अनुमान
नवरात्रि के दौरान मां बगलामुखी के दरबार में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ने की संभावना है। अनुमान के मुताबिक सामान्य दिनों में प्रतिदिन 30 हजार से अधिक श्रद्धालु पहुंच सकते हैं। अवकाश के दिनों में यह संख्या बढ़कर करीब 60 हजार तक पहुंचने की संभावना है, जबकि अष्टमी पर भक्तों की संख्या एक लाख तक पहुंच जाती है। इतनी बड़ी संख्या में आने वाले श्रद्धालुओं को ध्यान में रखते हुए मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों में व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने पर जोर दिया जा रहा है।
हवन के लिए नए कुंड तैयार
मां बगलामुखी मंदिर में हवन का विशेष धार्मिक महत्व माना जाता है। मान्यता है कि विधि-विधान से हवन करने पर शत्रु बाधाओं से मुक्ति, विवादों में राहत और मनोकामनाओं की पूर्ति होती है। इसी वजह से नवरात्रि के दौरान हवन कराने वाले श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ जाती है।
बगुलामुखी मंदिर, नलखेड़ा
- फोटो : अमर उजाला
कई बार हवन कुंड खाली होने का इंतजार करना पड़ता है। श्रद्धालुओं को इस परेशानी से बचाने और अधिक लोगों को हवन का अवसर देने के लिए इस वर्ष नए हवन कुंड बनाए गए हैं। मंदिर समिति ने हवन-पूजन के लिए प्रति हवन कुंड 350 रुपये शुल्क निर्धारित किया है। श्रद्धालु मंदिर की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से ऑनलाइन बुकिंग भी करा सकते हैं। इससे मंदिर पहुंचने के बाद हवन के लिए लंबा इंतजार करने की जरूरत कम होगी।
ये भी पढ़ें: इंंदौर : इंदौर आई भारत और वेस्टइंडीज की टीम, वैभव, शुभमन को देखने एयरपोर्ट पर उमड़े प्रशंसक
श्रद्धालुओं की सुविधा का विशेष प्रबंध
भीड़ और गर्मी को देखते हुए श्रद्धालुओं की सुविधाओं पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। दर्शन के लिए कतार में खड़े भक्तों को राहत देने के लिए पेयजल और छांव की व्यवस्था की जाएगी। किसी श्रद्धालु की तबीयत बिगड़ने या स्वास्थ्य संबंधी परेशानी होने पर मदद के लिए चिकित्सा टीम भी उपलब्ध रहेगी।
सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के लिए मंदिर परिसर में नवरात्रि से पुलिस चौकी संचालित होगी। इसके साथ ही सीसीटीवी कैमरों के जरिए परिसर की निगरानी की जाएगी। प्रशासन और मंदिर प्रबंधन यातायात, पार्किंग तथा भीड़ नियंत्रण की व्यवस्था को भी व्यवस्थित करने में जुटे हैं।
बगुलामुखी मंदिर, नलखेड़ा
- फोटो : अमर उजाला