मध्यप्रदेश के दमोह के जिलाधिकारी नीरज सिंह शुक्रवार सुबह सात बजे लगभग 40 किलोमीटर साइकिल चलाते हुए हटा के सिविल अस्पताल पहुंच गए। अचानक पहुंचे जिलाधिकारी ने अस्पताल में अनियमितताएं मिलने पर अधिकारियों को जमकर फटकार लगाई और व्यवस्था को सुधारने का निर्देश दिया।
युवा जिलाधिकारी नीरज कई बार औचक निरीक्षण करके सभी को हैरान कर देते हैं। वह किसी को कुछ बताए बिना अपनी साइकिल से निकल जाते हैं। जिससे कि अधिकारी सकते में आ जाते हैं। इससे पहले वह दमोह से पथरिया 28 किलोमीटर और 50 किलोमीटर की दूरी साइकिल से तय कर चुके हैं। यहां तक कि शहर में भी वह साइकिल से निरीक्षण करने के लिए पहुंचे जाते हैं।
जिलाधिकारी नीरज सिंह का कहना है कि साइकिल चलाना एक तरह का व्यायाम है। इसी वजह से जब कोई तात्कालिक विजिट नहीं होती है तो मुझे साइकिल से जाना अच्छा लगता है। लोग आसानी से अपनी परेशानियां बता देते हैं।