कैसा है उज्जैन का माहौल?
उज्जैन में लगातार दूसरे दिन भी देखने को मिला। बुधवार सुबह से ही शहर के कई पेट्रोल पंपों पर पेट्रोल और डीजल भरवाने के लिए लोगों की लंबी कतारें लगी रहीं। कई स्थानों पर लोगों को आधे से एक घंटे तक लाइन में इंतजार करना पड़ा।
शहर के लंगर पेट्रोल पंप सहित अन्य पंपों पर सुबह से ही भीड़ बनी रही। बताया जा रहा है कि मंगलवार शाम और देर रात को भी यही हालात थे और अब यह सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। कई लोग अफवाहों के चलते डिब्बों में भी पेट्रोल भरवाने पहुंच रहे हैं, जिससे स्थिति और प्रभावित हो रही है।
इस पूरे मामले में जिला प्रशासन लगातार स्थिति स्पष्ट कर रहा है। जिला खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग के अधिकारी संतोष सोमालिया ने बताया कि उज्जैन जिले में पेट्रोल और डीजल का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है और कंपनियों से लगातार सप्लाई हो रही है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे घबराएं नहीं, केवल आवश्यकता अनुसार ही पेट्रोल-डीजल लें और किसी प्रकार का भंडारण न करें।
वहीं पेट्रोल पंप संचालक रवि प्रकाश लंगर ने बताया कि किसी प्रकार की कमी नहीं है। तेल कंपनियों और प्रशासन का पूरा सहयोग मिल रहा है। कर्मचारियों ने देर रात तक और सुबह से लगातार काम कर भीड़ को संभाला है। पंप पर डिब्बों में पेट्रोल देने पर रोक लगा दी गई है, ताकि अनावश्यक स्टॉकिंग रोकी जा सके। उनका मानना है कि एक-दो दिन में स्थिति सामान्य हो जाएगी।
कैसी है धार की स्थिति?
बुधवार सुबह शहर के मांडू रोड स्थित पेट्रोल पंपों पर खुलने से पहले ही लोग दोपहिया वाहन लेकर पहुंच गए। ग्रामीण क्षेत्रों में भी इसी तरह की स्थिति देखने को मिली। पेट्रोल भरवाने पहुंचे कैलाश शर्मा ने बताया कि उन्हें एक परिचित ने फोन पर पेट्रोल खत्म होने की सूचना दी थी। पंप पर पहुंचने पर सैकड़ों लोगों की लाइन देखकर वे हैरान रह गए।
पढ़ें: 'तेल खत्म होने वाला है' की अफवाह से क्यों मची MP में अफरातफरी?: रातभर खुले रहे पंप, सड़कों पर लगी रहीं कतारें
खरगोन का हाल भी जानें
शहर के विभिन्न पेट्रोल पंपों पर बुधवार को सुबह से शाम तक भीड़ बनी रही। बिस्टान रोड, खंडवा रोड और डायवर्शन क्षेत्र के कुछ पंपों पर कुछ समय के लिए पेट्रोल उपलब्ध नहीं हो सका, जिसका कारण अस्थायी रूप से स्टॉक खत्म होना बताया गया।
बस स्टैंड स्थित पेट्रोल पंप के मैनेजर सावन कुशवाह ने बताया कि पेट्रोल पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध है और लगातार टैंकरों से सप्लाई हो रही है। एसडीएम वीरेंद्र कुमार कटारे ने पेट्रोल पंप संचालकों की बैठक लेकर निर्देश दिए कि दोपहिया वाहनों को 2-3 लीटर, चारपहिया निजी वाहनों को अधिकतम 1000 रुपए तक पेट्रोल और 2000 रुपए तक डीजल दिया जाए, ताकि सभी को समान रूप से ईंधन मिल सके।
कैसा है ग्वालियर का हाल?
ग्वालियर जिले में पेट्रोल और डीजल का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है। रायरू डिपो में 25 से 30 दिनों तक की सप्लाई का भंडार मौजूद है। जिला आपूर्ति नियंत्रक अरविंद सिंह भदौरिया ने बताया कि जिले में किसी भी प्रकार की कमी नहीं है। उन्होंने स्पष्ट किया कि सनातन धर्म मंदिर के पास स्थित एक पेट्रोल पंप पर समय पर इंडेंट जमा नहीं होने के कारण सप्लाई प्रभावित हुई थी, जिसे अब सुधार लिया गया है और 14 किलोलीटर पेट्रोल का टैंकर पहुंच चुका है।
बुरहानपुर की स्थिति जानिए
बुरहानपुर में भी पेट्रोल की किल्लत की अफवाहों से लोगों में डर का माहौल बन गया। बुधवार को कुछ पंपों पर भीड़ देखी गई, लेकिन दोपहर बाद स्थिति धीरे-धीरे सामान्य होने लगी। पेट्रोल पंप संचालक हर्ष सिंह ठाकुर ने स्पष्ट किया कि जिले में पेट्रोल की कोई कमी नहीं है और सप्लाई पूरी तरह सामान्य है। प्रशासन ने सोशल मीडिया के माध्यम से भी लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की। तहसीलदार प्रवीण ओरिया और कलेक्टर हर्ष सिंह ने भी स्पष्ट किया कि जिले में ईंधन की कोई कमी नहीं है और स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है।
रतलाम का हाल कैसा?
रतलाम जिले में मंगलवार को अफवाहों के कारण पेट्रोल पंपों पर भारी भीड़ उमड़ पड़ी थी, लेकिन बुधवार को स्थिति सामान्य हो गई। लोगों को आसानी से पेट्रोल-डीजल मिलने लगा और कतारें कम हो गईं। कलेक्टर मिशा सिंह ने बताया कि जिले के सभी 184 पेट्रोल पंपों पर पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि अफवाहों पर ध्यान न दें, क्योंकि मंगलवार को सामान्य से तीन गुना अधिक खरीदारी होने से कृत्रिम कमी की स्थिति बन गई थी।