ओंकारेश्वर में 40वें अद्वैत जागरण युवा शिविर का शुभारंभ हो गया, जिसमें 15 राज्यों के 46 युवा अगले 10 दिनों तक ‘तत्त्वबोध’ ग्रंथ का अध्ययन करेंगे। शिविर में योग, ध्यान, सत्संग और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन होगा।
अद्वैत जागरण युवा शिविर को लेकर आज का दिन काफी विशेष रहा। ओंकारेश्वर में शुक्रवार से 40वां अद्वैत जागरण युवा शिविर का शुभारंभ किया गया। यह आयोजन आचार्य शंकर सांस्कृतिक एकता न्यास और संस्कृति विभाग, मध्य प्रदेश शासन द्वारा किया जा रहा है।
विज्ञापन
देश-विदेश के 18 से 40 वर्ष आयु वर्ग के युवाओं के लिए नियमित रूप से आयोजित किए जाने वाले अद्वैत जागरण युवा शिविर की श्रृंखला में 40वां शिविर ओंकारेश्वर में 5 से 14 दिसंबर तक आयोजित किया जा रहा है। शिविर का शुभारंभ शुक्रवार को चिन्मय मिशन, इंदौर के आचार्य स्वामी प्रबुद्धानंद सरस्वती की पावन उपस्थिति में दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ।
46 युवा भाग ले रहे हैं
विज्ञापन
मध्य प्रदेश शासन की पहल पर आयोजित इस शिविर की विशेषता यह है कि इसमें 15 से अधिक राज्यों के 46 युवा भाग ले रहे हैं। ये युवा 10 दिनों तक आचार्य स्वामी प्रबुद्धानंद सरस्वती के सान्निध्य में आदि शंकराचार्य द्वारा रचित प्रकरण ग्रंथ ‘तत्त्वबोध’ का अध्ययन करेंगे।
शिविर के दौरान प्रतिदिन योग, ध्यान, समूह चर्चा, प्रश्नोत्तर सत्र, नर्मदाष्टकं, सत्संग एवं संकीर्तन का आयोजन होगा। इसके साथ ही प्रतिभागी ओंकारेश्वर ज्योतिर्लिंग, एकात्म धाम और आदि शंकराचार्य गुफा के दर्शन भी करेंगे।