लखनऊ। कैसरबाग बस स्टैंड के पास ऑटो में चालक व उसके साथियों ने चाकू की नोक पर सीतापुर के संदना निवासी अर्जुन कुमार से छह हजार रुपये लूट लिए। मड़ियांव पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
अर्जुन ने बताया कि 28 नवंबर को वह कुछ काम से लखनऊ आए थे। उसी रात उन्हें कैसरबाग जाना था। रात 10:15 बजे वह मड़ियांव से ऑटो में सवार हुए। उसमें दो लोग पहले से बैठे थे। अर्जुन के मुताबिक कैसरबाग बस स्टैंड से करीब 300 मीटर पहले सुनसान जगह पर चालक ने ऑटो रोक दिया। कारण पूछने पर सवारी बनकर बैठे दोनों युवकों ने चाकू निकाल लिया। फिर चार हजार नकद और दो हजार रुपये ऑनलाइन खाते में ले लिए। आरोपी और रुपये मांगने लगे। विरोध पर उन्हें बुरी तरह पीटा और चारबाग में छोड़कर भाग निकले। घटना से डरे अर्जुन सीतापुर चले गए। सामान्य होने पर चार दिसंबर को उन्होंने वजीरगंज पुलिस से शिकायत की। इंस्पेक्टर राजेश त्रिपाठी के मुताबिक तीनों आरोपियों को मड़ियांव पुलिस ने बृहस्पतिवार को गिरफ्तार कर लिया।