फिरौती के लिए युवक का अपहरण, तीन गिरफ्तार
लखनऊ। बीकेटी के नगुवामऊ कला गद्दीनपुरवा गांव में 12 मई की शाम पानी टंकी के केयरटेकर इरफान का अपहरण कर लिया गया। आरोप है कि दो कारों में सवार 12 बदमाशों ने खेत पर काम कर रहे इरफान से मारपीट की और जबरन उठा ले गए। अपहरण के कुछ ही घंटों बाद आरोपियों ने इरफान के भाई इमरान से दो लाख रुपये की फिरौती की मांग की।
डीसीपी क्राइम कमलेश दीक्षित ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आई। बुधवार को इरफान के भाई को फिरौती की रकम लेकर अचरामऊ अंडरपास भेजा गया, वहां तीन आरोपी फिरौती लेने पहुंचे। पुलिस ने घेराबंदी कर प्रयागराज निवासी लैब टेक्नीशियन उत्कर्ष सिंह, गुडंबा निवासी एसी मैकेनिक मोहम्मद मुफीद और बाराबंकी के सफदरगंज निवासी रामचंद्र उर्फ अब्दुल्ला को गिरफ्तार कर लिया। इरफान को भी सकुशल बरामद कर लिया गया।
पुलिस जांच में चौंकाने वाले खुलासे
एसीपी बीकेटी अमोल मुरकुट ने बताया कि वारदात में कुल 12 लोग शामिल थे, जिनमें से नौ अभी भागे हुए हैं। पकड़े गए आरोपियों ने कुछ अन्य साथियों के नाम उजागर किए हैं। जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपियों ने इरफान के खाते में तीन-चार बार पैसे ट्रांसफर किए और उसे निकालने को मजबूर किया। पुलिस को आशंका है कि यह मामला साइबर क्राइम या हवाला लेन-देन से जुड़ा हो सकता है। बाकी आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद पूरे मामले से पर्दा उठने की उम्मीद है।