बख्शी का तालाब। मोबाइल चोरी के शक में वैन सवार पांच लोगों ने सरैया बाजार निवासी मोहित राजपूत को अगवा कर लिया। आरोपियों ने उन्हें करीब नौ घंटे तक बंधक बनाकर पीटा और देर रात सड़क किनारे छोड़कर भाग गए। घायल मोहित ने बख्शी का तालाब थाने में तहरीर दी है। पुलिस ने दो आरोपियों को हिरासत लिया है।
मोहित के अनुसार, रविवार दोपहर वह रामपुर बेहड़ा चौराहे पर चाट खाने गए थे। करीब तीन बजे वैन से पहुंचे पांच लोगों ने उन्हें बुलाकर बड़ी बाजार के पास हुई मोबाइल चोरी का आरोपी बताते हुए पूछताछ शुरू कर दी। कुछ देर बाद सभी ने उन्हें जबरन वैन में बैठा लिया। आरोप है कि रास्ते भर आरोपी मोबाइल लौटाने का दबाव बनाते रहे। चोरी से इन्कार करने पर लात-घूंसों से बुरी तरह पीटा गया।
मोहित ने बताया कि रात करीब 11 बजे आरोपी उन्हें रास्ते में छोड़कर भाग गए। पिटाई से उनके चेहरे और आंख में गंभीर चोटें आईं। वह किसी तरह पैदल थाने पहुंचे और शिकायत दर्ज कराई।
इंस्पेक्टर संजय सिंह ने बताया कि दो आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। जांच के आधार पर एफआईआर दर्ज की जाएगी।