लखनऊ। सरोजनीनगर के चंद्रावल गांव में ग्राम समाज की करीब पौन हेक्टेयर भूमि पर युवा वन विकसित किया जाएगा। इसमें विभिन्न प्रजातियों के करीब एक हजार पौधे रोपे जाएंगे। इसकी सभी तैयारी लगभग पूरी कर ली गई है।
इस भूमि पर धीरे-धीरे अतिक्रमण भी होता जा रहा था। राजस्व विभाग ने इसकी पैमाइश आदि करने के बाद इसे अतिक्रमण मुक्त कराया है, जिसके बाद वन विभाग ने पौधरोपण के लिए राजस्व विभाग से इस भूमि की मांग की थी। अब यह भूमि वन विभाग को तीन साल तक देखभाल के लिए दे दी गई है। डीएफओ शितांशु पांडेय ने बताया कि संबंधित क्षेत्र में इमारती, औषधीय, फलदार व शोभादार समेत विभिन्न प्रजातियों के करीब 1000 पौधे रोपे जाएंगे। यह भूमि गांव से सटी हुई है, लिहाजा वहां पशुओं से पौधों को बचाने के इंतजाम भी किए गए हैं। पौधरोपण युवा करेंगे, इसलिए इसे युवा वन नाम दिया गया है।