फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

राष्ट्रीय युवा उत्सव कार्यक्रम में पीएम मोदी का वीडियो संदेश, बोले- युवा सोच सिखाती है निर्णय लेना

Sun, 12 Jan 2020 03:21 PM IST
ishwar ashish न्यूज डेस्क, अमर उजाला, लखनऊ
विज्ञापन
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ व अन्य। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित राष्ट्रीय युवा उत्सव को वीडियो संदेश के माध्यम से संबोधित करते हुए कहा कि स्वामी विवेकानंद कहा करते थे कि सारी शक्ति आपके भीतर मौजूद है। उस पर विश्वास रखो और आगे बढ़ो। भारत एक युवा राष्ट्र है। युवाओं ने भारत को एक नई पहचान दी है। आज भारत दुनिया के तीन स्टार्टअप देशों में शामिल हुआ है तो यह युवाओं की ही बदौलत है।

विज्ञापन


सरकार ने 35 वर्ष से कम आयु के युवाओं को ध्यान में रखकर कई नीतियां बनाई है। उन्हें स्किल डेवलपमेंट कार्यक्रम से प्रशिक्षित किया जा रहा है। वह अपना रोजगार शुरू कर सके इसके लिए मुद्रा लोन के माध्यम से मदद की जा रही है।

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि युवा सोच निर्णय लेना सिखाती है। पिछले कुछ महीनों में कई बड़े निर्णय लिए गए। जम्मू कश्मीर से 370 हटाया गया है। तीन तलाक जैसी कुप्रथा को रोकने के लिए कानून बना। राम जन्मभूमि विवाद खत्म हुआ और नागरिकता संशोधन कानून अब एक सच्चाई है।
विज्ञापन


उन्होंने कहा कि 2022 में देश की आजादी के 75 साल पूरे हो रहे हैं। क्या हम ये संकल्प ले सकते हैं कि 2022 तक हम जितना संभव हो सके, लोकल प्रोडक्ट ही खरीदें जिससे कि हमारे ही देश के लोगों को मदद मिले। उन्होंने कहा कि आज का युवा राष्ट्रनिर्माण की भावना से भरा हुआ है। खुद पर विश्वास कर आगे बढ़ रहा है। युवाओं के दम पर ही भारत दुनिया भर में अपनी पहचान बनाने में सफल हो सका है।

इसके पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पांच दिन तक चलने वाले राष्ट्रीय युवा उत्सव का उद्घाटन करते हुए कहा कि इस उत्सव में देश भर ये युवा आए हैं। भारत के बारे में कहा जाता है कि यह अनेकता में एकता का देश है। यहां अलग-अलग खानपान, पहनावे व संस्कृति वाले लोग है। राष्ट्रीय युवा उत्सव जैसे आयोजनों से ही देश की अनेकता एकता में बदल जाती है। कार्यक्रम का आयोजन इंदिरागांधी प्रतिष्ठान परिसर स्थित जर्मन हैंगर पर बने भव्य विवेकानंद पंडाल में किया जा रहा है।

'महापुरुषों पर लज्जा करे तो समझो विनाश तय है'

मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि मैं भारत माता के सपूत स्वामी विवेकानंद की 157वीं जयंती पर उन्हें कोटि-कोटि नमन करता हूं। आज पूरा देश युवा सन्यासी के समाज मे किए गए कार्यों को युवा महोत्सव के रूप में मना कर याद कर रहा है। मुझे और मेरी सरकार के तीसरे वर्ष में युवा मोहत्सव दूसरी बार करवाने का मौका मिल रहा इसके लिए मैं केद्रीय राज्यमंत्री किरेन और उत्तर प्रदेश की जनता की तरफ से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का धन्यवाद करता हूँ। प्रधानमंत्री मोदी ने इस अवसर पर कोलकाता में स्वामी विवेकानंद के मंदिर में दर्शन किए और अपना संदेश वेल्योर मठ से दिया। हमें अपने महापुरुषों का आदर करना चाहिए। जब कोई मनुष्य अपने पूर्वजों व महापुरुषों पर गौरव की अनुभूति न कर पाए तो और लज्जा करे तो समझ लीजिए कि हमारा विनाश तय है।

लखनऊ में सांस्कृतिक मार्च पास्ट के साथ ही यूपी में पांच दिवसीय राष्ट्रीय युवा उत्सव का आगाज हो गया। विभिन्न राज्यों से आए प्रतिभागियों के सांस्कृतिक मार्च पास्ट को हाईकोर्ट के सामने सर्विस रोड से लखनऊ की  महापौर संयुक्ता भाटिया झंडी दिखा कर रवाना किया। मुख्य समारोह का उद्घाटन इंदिरागांधी प्रतिष्ठान परिसर स्थित जर्मन हैंगर पर बने भव्य विवेकानंद पंडाल में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने किया। इस आयोजन में केंद्रीय खेल व युवा मंत्री किरेन रिजिजू, डिप्टी सीएम डॉ. दिनेश शर्मा प्रदेश के खेल व युवा मामलों के मंत्री उपेंद्र तिवारी सहित अन्य गणमान्य अतिथि मौजूद रहे।

‘फिट यूथ फिट इंडिया’ की थीम पर हो रहे युवा महोत्सव में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विवेकानंद की भव्य प्रतिमा का अनावरण किया। इस मौके पर पीएम नरेंद्र मोदी का देश के युवाओं के नाम संदेश भी पढ़कर सुनाया गया। आयोजन के दौरान लोक नृत्य, लोकगीत, एकांकी, शास्त्रीय वादन गायन व नृत्य से जुड़ी 18 सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं के साथ कई खेल कूद प्रतिस्पर्धाओं का आयोजन किया जा रहा है।

'खेल दिवस को फिट इंडिया दिवस के रूप में मनाया जाएगा'

केंद्रीय खेल व युवा कल्याण राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार किरेन रिजीजू ने एलान किया कि अब से हर साल 29 अगस्त को खेल दिवस को फिट इंडिया दिवस के रूप में मनाया जाएगा। वह लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित राष्ट्रीय युवा उत्सव में बोल रहे थे।
 
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने युवा महोत्सव आयोजित करने की जिम्मेदारी लेकर इस आयोजन को अब तक का सबसे भव्य आयोजन बना दिया है। आने वाले पांच दिनों में लखनऊ के लोगों को बहुत कुछ खास देखने को मिलेगा।

आयोजन में अलग-अलग प्रदेशों से सात हजार से ज्यादा युवा आए हैं। अलग-अलग भाषणों से आप सबको बहुत कुछ सीखने को मिलेगा। रिजीजू ने कहा कि यूपी पहले भी खेल के क्षेत्र में रहा है पर यह इसकी पहचान नहीं बन पा रही थी। योगी के मुख्यमंत्री बनने के बाद प्रदेश को खेल के क्षेत्र में एक पहचान मिली है।

युवा उत्सव में हर दिन विशेष प्रस्तुति

युवा उत्सव में विवेकानंद पंडाल के मुख्य मंच पर हर दिन प्रतिष्ठित कलाकारों की विशेष प्रस्तुति देखने को मिलेगी। इसमें 12 जनवरी को अभ्युदय, 13 जनवरी को आजादी 70, 14 जनवरी को मुंबई के मनोज जोशी द्वारा चाणक्य नाटक का मंचन, 15 जनवरी को असम की प्रसिद्ध लोक गायिका कल्पना पटवारी द्वारा लोकगीत के फ्यूजन कार्यक्रम की प्रस्तुत होगी। लोक गायिका कल्पना पटवारी 30 भाषाओं में लोक गायिकी की कला का प्रदर्शन करती हैं। इसके साथ ही पांच दिनों तक 1090 चौराहा, रूमी गेट व जीपीओ में भी प्रत्येक दिन विशेष मंच स्थल पर सांस्कृतिक टीमें शाम को प्रस्तुति देंगी।

दिखेगी मिनी इंडिया की झलक
उत्सव के दौरान अलग-अलग राज्यों व केंद्र शासित क्षेत्रों के प्रतिभागियों की भाषा, खान-पान व परिधान मिनी इंडिया की झलक दिखाएगा। यहां पंजाब, राजस्थान, कर्नाटक तमिलनाडु, असम, पश्चिम बंगाल, बिहार व झारखंड के लोक नृत्य व लोक गीतों की प्रस्तुति मिलेगी। दूसरे राज्यों के प्रतिभागियों को भाषा संबंधी परेशानी से राहत दिलाने को पब्लिक एड्रेस सिस्टम पर दुभाषिए की व्यवस्था करने के साथ ही फूड पंडालों में भी हिंदी, अंग्रेजी के साथ अन्य भाषाओं में लिखी व्यंजनों की सूची भी चस्पा दिखेगी। कार्यक्रम स्थल को भव्य लाइटों से संवारा गया है। प्रतिभागियों की मदद के लिए कार्यक्रम स्थल पर चार कंट्रोल रूम भी बनाए गए हैं।
विज्ञापन

हर प्रतिभागी को मिलेगी किट

आयोजन स्थल पर निर्मित भव्य यूपी पवेलियन भी प्रतिभागियों के आकर्षण का केंद्र रहेगा। यहां एक जिला एक उत्पाद (ओडीओपी) के तहत प्रदेश के हर जिले में निर्मित एक उत्पाद की बिक्री की व्यवस्था रहेगी। अन्य प्रदेशों के प्रतिभागियों को भी यूपी पवेलियन घूमने पर स्मृति के बतौर एक उत्पाद के साथ आगरा का पेठा, लखनऊ की रेवड़ी व सहारनपुर के नक्काशीदार पेन स्टैंड तोहफे के रूप में दिया जाएगा। सभी प्रतिभागियों को पहली बार विशेषतौर पर तैयार किट भी प्रदान की जा रही है। इसमें एक ट्रैक सूट के साथ ही स्टेशनरी, साबुन, शैम्पू, तेल और आयोजन से जुड़ी सभी जानकारी युक्त हिंदी अंग्रेजी की बुकलेट शामिल रहेगी।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें