गोसाईंगंज। बीबीडी के रानीखेड़ा गांव के पास मंगलवार को संदिग्ध हालात में युवक का शव पड़ा मिला। मृतक के पिता ने बेटे के तीन साथियों समेत चार पर हत्या का आरोप लगाते हुए गोसाईंगंज थाने में तहरीर दी है।
उन्नाव के मौरवां निवासी शिव प्रताप सिंह के मुताबिक सोमवार को बेटा अनीस सिंह उर्फ गोलू (24) पेशी पर लखनऊ आया था। पेशी के बाद वह गोसाईंगंज के सलौली गांव अपने मामा के घर चला गया था। शाम को अनीस की मां रेखा सिंह से फोन पर बात हुई थी। अनीस ने मामा के गांव के ही तीन साथियों के साथ घूमने जाने और मंगलवार को लौटने की बात कही थी। आरोप है कि मंगलवार सुबह दो साथी बाइक से बेटे को मृत अवस्था में घर के बाहर छोड़कर भाग गए थे। अनीस की मामी किरन सिंह व साधना सिंह ने दोनों को भागते हुए देखा था।
पिता के मुताबिक अनीस की बाइक आरोपी साथी के घर पर खड़ी है, जबकि हेलमेट गांव के बाहर सड़क के किनारे मिला। पिता ने चार लोगाें पर बेटे की हत्या का आरोप लगाते हुए गोसाईगंज थाने में शिकायत की है।इंस्पेक्टर ब्रजेश कुमार त्रिपाठी के मुताबिक सीसीटीवी कैमरे खंगालने पर पता चला कि रानीखेड़ा गांव में अनीस का शव पड़ा था। उसके पास कोई मौजूद नहीं था। लोगों की सूचना पर अनीस के दो साथी उसे घर छोड़ गए थे।