लखनऊ। काकोरी क्षेत्र में रविवार को तेज रफ्तार दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। हादसे में बाइक सवार एक युवक की मौत हो गई, जबकि दो घायल हो गए। बाइक चला रहे दोनों युवक हेलमेट नहीं पहने थे।
कस्बा के शेखसादी मोहल्ला वार्ड निवासी आयुष कश्यप (22) व विनय लोधी रविवार देर शाम बाइक से दुर्गागंज जा रहे थे। कस्बा रोड की ठंडी सड़क पर उनकी बाइक सामने से आ रहे बाइक सवार पहिया आजमपुर गांव निवासी राज की बाइक से टकरा गई। हादसे में दोनों बाइकों पर सवार तीनों युवक घायल हो गए।
पुलिस की मदद से तीनों को दुर्गागंज स्थित निजी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से डॉक्टर ने गंभीर रूप से घायल आयुष को ट्राॅमा सेंटर रेफर कर दिया। वहां पहुंचने पर डॉक्टरों ने आयुष को मृत घोषित कर दिया। आयुष अविवाहित था। वह दुबग्गा सब्जी मंडी में काम करता था।
पुलिस के मुताबिक दो बाइकों पर सवार युवक हेलमेट नहीं पहने थे। हादसे में सिर पर गंभीर चोट से आयुष की जान गई है। शव पोस्टमार्टम के लिए भेजकर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।