लखनऊ। ताज होटल में वैवाहिक कार्यक्रम के दौरान एमबीए के छात्र ने महिला का पर्स चुराया था। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज की मदद से छात्र को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने पर्स में मिला ब्रेसलेट बेचकर कुछ रुपये अपने पास से जोड़कर सोना का बिस्किट खरीदा था। चोरी किया गया पर्स, सोने का बिस्किट और आरोपी की एक्टिवा गाड़ी बरामद हुई है।
एडीसीपी पूर्वी अली अब्बास ने बताया कि नई दिल्ली के साकेत निवासी अतुल नाग पिछले दिनों पत्नी संगीता के साथ शादी में शामिल होने गोमतीनगर के ताज होटल आए थे। छह दिसंबर की दोपहर होटल में हल्दी की रस्म के दौरान संगीता का पर्स चोरी हो गया था। पर्स में ढाई लाख रुपये कीमत का ब्रेसलेट, 11 हजार रुपये, मोबाइल व अन्य सामान रखा था। अतुल ने गोमतीनगर थाने में केस दर्ज कराया था।
पुलिस ने जब होटल की सीसीटीवी फुटेज खंगाली तो एक युवक संगीता का पर्स चोरी करते दिखा। वह पर्स चुराकर बाहर निकला और एक्टिवा गाड़ी से भाग गया। फुटेज से मिले एक्टिवा के नंबर की मदद से आरोपी युवक की पहचान पीजीआई स्थित जोडियक अपार्टमेंट में रहने वाले आरडीएसओ से सेवानिवृत्त अधिकारी के बेटे सुधांशु सिंह के रूप में हुई। शनिवार रात पुलिस ने वृंदावन इलाके से सुधांशु को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में सुधांशु ने बताया कि छह दिसंबर को वह ताज होटल में खाना खाने गया था। खाने में देरी के चलते वह एक कुर्सी पर बैठ गया। तभी बगल की कुर्सी पर रखे पर्स पर उसकी नजर पड़ी। मौका देख वह पर्स चुराकर भाग गया। पर्स में मिला ब्रेसलेट उसने एक शोरूम में जाकर बेच दिया और अपने पास से 10 हजार रुपये लगाकर 25 ग्राम सोने का बिस्किट खरीदा। वहीं, पर्स से मिले मोबाइल फोन को उसने कैशिफाई नामक वेबसाइट के जरिए 18,900 रुपये में बेच दिया था।
पुलिस ने आरोपी के पास से सोने का बिस्किट, संगीता का पर्स, उसमें रखा चश्मा, मेकअप का सामान व एक्टिवा गाड़ी बरामद की है। आरोपी सुधांशु सिंह लविवि से एमबीए की पढ़ाई कर रहा है। पुलिस ने आरोपी सुधांशु को कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।