राही (रायबरेली)। शहर से घर जा रहे बाइक सवार दो दोस्त लोडर की टक्कर से घायल हो गए। इसमें एक युवक की मौत हो गई। पुलिस ने हादसे की जांच की। चालक मौके से फरार हो गया, जबकि पुलिस ने लोडर को कब्जे में ले लिया।
भदोखर थाना क्षेत्र के भुआ का पुरवा मजरे सनही गांव निवासी रवि सिंह पुत्र शिव सिंह और मोनू उर्फ शैलेंद्र प्रताप सिंह एक ही बाइक पर सवार होकर शहर से घर लौट रहे थे। शाम करीब छह बजे रायबरेली-सलोन हाईवे पर सलोन की तरफ से आ रहे लोडर की टक्कर लगने से दोनों युवक गंभीर रूप से जख्मी हो गए।
हादसे की सूचना पर मौके पर आए थाना प्रभारी दयानंद तिवारी ने दोनों को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां रवि को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। थाना प्रभारी ने बताया कि बाइक सवार हेलमेट लगाए थे या नहीं, इस बारे में पता लगाया जा रहा है। तहरीर मिलने पर केस दर्ज होगा।