लखनऊ। चिनहट इलाके में रविवार दोपहर प्रतिमा विसर्जन के बाद नदी में नहाते वक्त जाटाबरौली निवासी अमरेश कुमार (23) की डूबने से मौत हो गई। वह मजदूरी करते थे। उनके साले रमेश ने बताया कि अमरेश के गांव में रविवार दोपहर प्रतिमा विसर्जन कार्यक्रम था। विसर्जन के बाद वह गोमती में नहाने के लिए उतर गए और गहरे पानी में चले गए। उनको तैरना नहीं आता था। मौके पर पहुंची पुलिस ने गोताखोरों को तलाश में लगाया। एसडीआरएफ की टीम को भी बुला लिया गया, पर अंधेरा होने की वजह से सर्च ऑपरेशन बंद कर दिया गया। सोमवार दोपहर को उनका शव नदी से एसडीआरएफ की टीम ने तलाश लिया। परिवार में पत्नी मंजू व एक बेटी है।