सरेनी (रायबरेली)। थाना क्षेत्र में सोमवार को शिवपुरी गंगाघाट पर नहाने आए तीन दोस्त नदी में डूब गए। शोरगुल पर आसपास मौजूद लोगों ने दो युवकों को बाहर निकाल लिया, लेकिन एक युवक की नदी में डूबने से मौत हो गई। तीन घंटे की मशक्कत के बाद उसके शव को नदी से बरामद किया गया। युवक की मौत से परिजनों में कोहराम मच गया।
लालगंज कोतवाली क्षेत्र के पूरे अंबर वीर दिहुआ मजरे दतौली गांव निवासी सत्यम यादव (22) पुत्र रामचंद्र यादव, अनुज पासवान (20) पुत्र सूर्यपाल, साहबान (23) पुत्र रियाज अहमद दोपहर करीब 12 बजे गंगा नदी में नहाने के लिए शिवपुरी घाट गए थे। नदी में नहाते वक्त तीनों गहराई वाले स्थान पर चले गए। इससे वह गंगा नदी में डूब गए। शोरगुल मचाने पर घाट किनारे मौजूद लोगों ने काफी मशक्कत करके अनुज व साहबान को तो बचा लिया, लेकिन सत्यम नदी में डूब गया।
सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंचकर गोताखोरों के माध्यम से नदी में युवक की खोजबीन शुरू कराई। तीन घंटे की मशक्कत के बाद गेगासो के पास सत्यम का शव बरामद हुआ। मृतक सत्यम डिहवा में संचालित बेकरी की दुकान में काम करता था। युवक की मौत से परिजनों में रोना पिटना मचा है।
एसडीएम लालगंज नवदीप शुक्ला भी घटना की सूचना पर मौके पर पहुंचे और परिजनों को ढांढस बंधाया। थाना प्रभारी शिवशंकर सिंह ने बताया कि नदी में डूबने से एक युवक की जान गई है, जबकि उसके दो साथियों को बचा लिया गया।