सुशांत गोल्फ सिटी के खुर्दही बाजार के पास शनिवार रात ट्रिपलिंग कर जा रहे बाइक सवार युवक ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकरा गए। हादसे में तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया, जहां सौरभ (21) की मौत हो गई।
इंस्पेक्टर शैलेंद्र गिरी के मुताबिक, बाराबंकी का सौरभ (21) सुशांत गोल्फ सिटी में गार्ड का काम करता था। सौरभ, सीटू व सतीश ड्यूटी खत्म कर एक ही बाइक से लौट रहे थे।
खुर्दही बाजार कस्बे के पास ट्रैक्टर-ट्रॉली से बाइक टकरा गई। हादसे में सौरभ की मौत हो गई, जबकि सीटू और सतीश गंभीर रूप से जख्म हो गए। हादसे के समय युवक ने हेलमेट नहीं पहन रखा था, इसलिए सिर में गंभीर चोट आने से जान चली गई।
दो बाइक टकराईं, युवक की मौत, गर्भवती पत्नी घायल
लखनऊ। सरोजनीनगर के पिपरसंड रोड पर रविवार दोपहर दो बाइक आमने-सामने टकरा गईं। हादसे में एक बाइक पर संवार अमरजीत (28) की मौत हो गई, जबकि उसकी पत्नी की हालत गंभीर बनी हुई है। दूसरी बाइक पर सवार युवक को हल्की चोटें आई हैं।
इंस्पेक्टर संतोष कुमार आर्य के मुताबिक, अमरजीत मूलरूप से काकोरी के ईट गांव का रहने वाला था। पत्नी अनीता के साथ रविवार दोपहर शादी में शामिल होने जा रहा था। अमरजीत ने हेलमेट लगा रखा था, पर भीषण टक्कर के चलते सिर में गंभीर चोट आने से मौत हो गई। चचेरे भाई अनुज ने बताया कि अमरजीत पुताई मजदूर था। उसकी पत्नी गर्भवती है। (संवाद)
कार ने ली बाइक सवार की जान
हसनगंज के आठ नंबर चौराहे पर रविवार को तेज रफ्तार कार ने बाइक सवार नितिन चौहान (38) को टक्कर मार दी। युवक ने हेलमेट पहन रखा था, पर भीषण टक्कर के चलते सिर में चोट आने से मौत हो गई। इंस्पेक्टर अतुल श्रीवास्तव के मुताबिक, नितिन मूल रूप से मोहब्बलापुर का रहने वाला था और हजरतगंज स्थित निजी कंपनी में काम करता था। भाई विपिन ने बताया कि रविवार दोपहर हजरतगंज किसी काम से गया था। वापसी के समय हादसे का शिकार हो गया। परिवार में पत्नी रीना व दो बच्चे हैं।
बस अड्डे पर यात्री की बिगड़ी तबीयत, मौत
कैसरबाग बस अड्डे पर यात्री इसरार अहमद (43) बस से उतरने के बाद अचानक गिर पड़ा। कर्मचारियों ने उसे अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। इंस्पेक्टर रामेंद्र त्रिपाठी के मुताबिक, इसरार अहमद मूलरूप से बाराबंकी का रहने वाला था। कानपुर में एक बेकरी में नौकरी करता था। बस से घर लौट रहा था। कैसराबग बस अड्डे पर पहुंचते ही अचानक गिर पड़ा था। पुलिस के मुताबिक, हार्ट व बिसरा सुरक्षित रखा गया है।
हादसे में बाइक सवार की मौत
मलिहाबाद के भुलभुला खेड़ा निवासी गोविंद राम (35) की शनिवार शाम अज्ञात वाहन की टक्कर से मौत हो गई। पुलिस के मुताबिक, मृतक बीमार ससुर को देखने मोहान रोड गया था। देर रात बाइक से लौट रहा था। परिवार में पत्नी संगीता और दो बच्चे हैं।