बहराइच। लखनऊ-बहराइच मार्ग पर लालपुर के निकट ट्रैक्टर-ट्रॉली की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत हो गई। जबकि उसका साथी घायल हो गया, जिसे सीएचसी में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ट्रैक्टर-ट्रॉली को कब्जे में लेकर शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
फखरपुर थाना अंतर्गत बसंतापुर निवासी रामकृपाल (25) पुत्र रामनरेश वर्मा अपने सहयोगी गांव के ही निवासी भगौती प्रसाद वर्मा (27) पुत्र परमेश्वर के साथ रविवार को बाइक से गजाधरपुर चौराहा गया था।
वहां काम निपटाने के बाद दोनों बाइक से लौट रहे थे। लखनऊ-बहराइच मार्ग पर फखरपुर थाना क्षेत्र में लालपुर के पास ट्रैक्टर-ट्रॉली की बाइक से टक्कर हो गई।
हादसे में रामकृपाल की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि भगौती प्रसाद गंभीर रूप से घायल हो गया। आसपास के लोगों की सूचना पर फखरपुर एसओ ओमप्रकाश चौहान मौके पर पहुंचे।
उन्होंने घायल भगौती को सीएचसी पहुंचाया। जबकि मृतक का शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। एसओ ने बताया कि दुर्घटनाग्रस्त ट्रैक्टर-ट्रॉली को कब्जे में ले लिया गया है। चालक फरार है, उसकी तलाश की जा रही है।