बख्शी का तालाब। चंद्रिका देवी रोड स्थित पर्वतपुर चौराहे के पास निजी गर्ल्स हॉस्टल में हिंदू छात्रा से मिलने पहुंचे रायबरेली निवासी दूसरे समुदाय के युवक को लेकर रविवार को हंगामा हो गया। कुछ लोगों ने युवक की पिटाई कर दी। सूचना पर पहुंची पुलिस युवक को भीड़ से बचाकर थाने ले गई।
बजरंग दल के जिला सहमंत्री सुशील कुमार ने बताया कि उन्हें सूचना मिली थी कि युवक ने छात्रा को प्रेमजाल में फंसाकर उसका यौन शोषण किया है। इसके बाद बजरंग दल के कार्यकर्ता और ग्रामीण हॉस्टल पहुंचे। आरोप है कि पूछताछ के दौरान युवक ने लोगों को धमकाया, जिससे आक्रोशित लोगों ने उसकी पिटाई कर दी।
सहायक पुलिस आयुक्त बख्शी का तालाब विकास पांडेय ने बताया कि तहरीर मिली है। युवक और छात्रा दोनों नर्सिंग के छात्र हैं। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि युवक पहले गर्ल्स हॉस्टल के पास ही रहता था। पुलिस ने दोनों पक्षों के परिजनों को बुलाकर पूछताछ की है। छात्रा के परिजनों शिकायत करते हैं तो रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।