तेलीबाग। पीजीआई इलाके के एल्डिको स्थित बलिया हाउस में रंजिश में युवक पर एसयूवी सवार युवकों ने 29 जुलाई की रात लाठी-डंडों से हमला कर दिया। उसके हाथ-पैर में फ्रैक्चर हुआ है। पीड़ित ने छह नामजद व कुछ अज्ञात युवकों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है। घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई है।
फतेहपुर के लालौली थानाक्षेत्र के कोर्रा कनक गांव निवासी बिपिन सिंह एल्डिको के बलिया हाउस में किराये पर रहकर प्राइवेट कार्य करते हैं। उनके अनुसार 29 जुलाई की रात 10:30 बजे वह घर के बाहर रिश्तेदारों और परिचितों के साथ बैठे थे। इस बीच लाठी-डंडे लेकर पहुंचे एसयूवी सवार युवकों ने उन पर हमला कर दिया। हमलावर जान से मारने की धमकी देकर भाग गए। लोगों ने बिपिन को पीजीआई ट्रॉमा-2 पहुंचाया, जहां हाथ, पैर में फ्रैक्चर की पुष्टि हुई।
पीजीआई थाने की पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर विकास सिंह तोमर, रिशु, प्रदीप सिंह, वीरेंद्र प्रताप, शिवम अवस्थी, शिवम सिंह व कुछ अज्ञात के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। इंस्पेक्टर सुनील कुमार सिंह ने बताया कि टीम नामजद आरोपियों की तलाश में जुटी है। घटना की सीसीटीवी फुटेज मिली है। इसमें दिख रही एसयूवी को भी ट्रेस किया जा रहा है।