लखनऊ। इंदिरानगर मेट्रो स्टेशन से एक युवक को कारतूस के साथ गिरफ्तार किया गया। इंदिरानगर थाने में दरोगा आलोक शुक्ला ने एफआईआर दर्ज कराई है। दरोगा के मुताबिक 21 दिसंबर को वह नीलगिरि चौराहे पर थे। तभी उन्हें इंदिरानगर मेट्रो स्टेशन से कंट्रोलर कुलदीप कुमार ने कॉल कर एक यात्री के पास से कारतूस मिलने की सूचना दी। स्कैनिंग मशीन से उसके बैग की जांच के दौरान सुरक्षाकर्मियों को मॉनिटर में कुछ संदिग्ध चीज दिखाई पड़ी। बैग खोलने पर उसमें कारतूस मिला। दरोगा ने स्टेशन पहुंचकर युवक से पूछताछ की। उसने अपना नाम फर्रुखाबाद के फतेहगढ़ का अभय प्रताप सिंह बताया। इसके बाद दरोगा ने थाने में शिकायत की। इंस्पेक्टर सुनील कुमार तिवारी के अनुसार आरोपी लखनऊ घूमने आया था। उसका कहना है कि कारतूस उसे रास्ते में पड़ा मिला, जिसे उसने अपने बैग में डाल लिया था। जांच की जा रही है।