टीकाकरण अभियान को लेकर युवाओं में जबरदस्त उत्साह दिख रहा है। 18 से 45 साल की उम्र के बीच के 13 लाख 64 हजार चार सौ 38 लोगों ने पंजीयन कराया है। इसमें 30 से 45 साल की उम्र वालों की संख्या सर्वाधिक है। हालांकि अभी तक करीब 1.25 लाख का टीकाकरण हो पाया है। सोमवार से शुरू हो रहे 18 जिलों में टीकाकरण के बाद ग्राफ में और बढ़ोतरी होगी।
मई में 18 साल से 44 साल की उम्र वालों का भी टीकाकरण शुरू हो गया है, जबकि 45 साल से ऊपर वालों का पहले से ही टीकाकरण किया जा रहा था। वहीं, 18 साल से ऊपर वालों का अभी लखनऊ सहित सात जिलों में टीकाकरण चल रहा है, लेकिन सोमवार से इसे 18 जिलों में शुरू करने की तैयारी है। इसके लिए पंजीयन अनिवार्य कर दिया गया है।
इसके तहत शनिवार शाम तक 18 से 30 के बीच 4 लाख 68 हजार 827 लोगों ने पंजीकरण कराया, जबकि 30 से 45 बीच वालों की संख्या 8 लाख 95 हजार 611 पहुंच गई। इसी तरह 45 से 60 साल की उम्र वालों में 50 लाख 72 हजार 895 और 60 साल से अधिक उम्र वालों में 44 लाख 72 हजार 6 सौ 92 ने पंजीयन कराया है।
स्वास्थ्य विभाग के आंकड़ों के मुताबिक अभी तक 18 से 44 साल की उम्र वालों ने करीब 1.25 लाख का टीकाकरण हो पाया है। सोमवार से शुरू होने वाले टीकाकरण अभियान के स्टेट नोडल अधिकारी डॉ. राकेश दुबे ने बताया कि सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।