आलमबाग। कृष्णानगर की सराफ चौकी के पास 30 अगस्त की रात कार हटाने को लेकर विवाद हुआ। कबाब-पराठे का ठेला लगाने वाले लक्की और उसके 10-12 साथियों पर अमित वर्मा व उनके दोस्तों को को लोहे की रॉड और लाठी-डंडों से पीटने का आरोप है। अमित ने चौकी इंचार्ज पर तहरीर बदलवाने और आरोपियों को बचाने का आरोप लगाते हुए सोशल मीडिया पर वीडियो भी पोस्ट किया है।
प्रेमनगर निवासी अमित वर्मा के अनुसार, रात करीब एक बजे वह अपने दोस्त अंकुर पाल और प्रदीप मिश्रा के साथ खाना खाकर कार से लौट रहे थे। सराफ चौकी के पास कार खड़ी करने पर लक्की ने गाली-गलौज की और फिर अपने साथियों को बुला लिया। सभी ने मिलकर उन्हें लोहे की रॉड और डंडों से पीटकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। उन्हें लोकबंधु अस्पताल में भर्ती कराया गया। अमित ने चौकी प्रभारी शिशुपाल पर तहरीर बदलवाकर मामूली मारपीट का मामला दर्ज करवाने का आरोप लगाया है। इंस्पेक्टर पीके सिंह ने बताया कि तीन आरोपियों लक्की, विजय और रितिक के खिलाफ शांतिभंग की कार्रवाई की गई है। इंस्पेक्टर ने अमित वर्मा के आरोपों को गलत बताया है।