तेलीबाग। इलाके में मंगलवार सुबह ड्यूटी पर जा रही तहसीन बानो (22) की अज्ञात वाहन की टक्कर से मौत हो गई। हादसे के बाद चालक वाहन लेकर भाग निकला। पुलिस सीसीटीवी फुटेज की मदद से उसकी तलाश कर रही है।
ब्रिज विहार कॉलोनी निवासी तहसीन बानो गोमतीनगर स्थित कॉल सेंटर में काम करती थीं। मंगलवार सुबह करीब 6:30 बजे कुम्हारमंडी मोड़ के पास सड़क पार करते समय तेज रफ्तार वाहन की चपेट में आ गईं। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, टक्कर के बाद वह सड़क पर 50 मीटर दूर घिसटती चली गईं। सूचना पर पहुंची पुलिस उन्हें ट्रॉमा सेंटर ले गई जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। पीजीआई इंस्पेक्टर सुनील सिंह ने बताया कि घटनास्थल और आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। फुटेज के आधार पर दुर्घटना करने वाले वाहन और चालक की पहचान कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
तहसीन तीन बहनों में सबसे बड़ी थीं। पिता खुर्शीद अहमद निजी सुरक्षा गार्ड हैं। हादसे की खबर मिलते ही मां तस्लीम बानो और बहनों तहरीन व अनाया का रो-रोकर बुरा हाल है।
हादसे के बाद सड़क सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
हादसे के बाद स्थानीय लोगों और व्यापार मंडल अध्यक्ष पतंजलि यादव समेत अन्य पदाधिकारियों ने सड़क सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए। उनका आरोप है कि मार्ग पर तेज रफ्तार वाहनों के साथ सड़क किनारे बेतरतीब खड़े ऑटो-टेंपो से भी हादसे का खतरा बना रहता है। उन्होंने प्रशासन से स्पीड ब्रेकर बनवाने, अतिक्रमण हटाने और अवैध पार्किंग के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।