प्रदेश की राजधानी लखनऊ के गुडंबा थाना क्षेत्र में मंगलवार को सहरी में चिकन-बिरयानी न मिलने से नाराज 18 वर्षीय युवती ने फंदे से लटककर आत्महत्या कर ली। उधर, ठाकुरगंज में शराब पीने को लेकर घर में हुए झगड़े के बाद नगर निगम के संविदाकर्मी 40 वर्षीय कन्हैया ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।
गुडंबा थाना के उपनिरीक्षक धनंजय तिवारी ने बताया कि युवती सुभाष नगर में शिमना टॉवर के पास मिर्जा बेग के मकान में मां हसीना बानो के साथ रहती थी। युवती का नाम रुकसार बानो था। मंगलवार सुबह करीब आठ बजे पुलिस को रुकसार के खुदकुशी करने की सूचना मिली।
मौके पर पहुंचने पर रुकसार का शव घर में लोहे के एंगल से बंधे दुपट्टे से लटका मिला। हसीना बानो ने बताया कि सुबह करीब चार बजे सहरी के वक्त रुकसार ने चिकन-बिरयानी बनाने को कहा था।
चिकन नहीं होने पर हसीना बानो ने दाल बना दी थी, जिससे रुकसार नाराज हो गई और सहरी नहीं की। कुछ देर बाद हसीना बानो सो गई, सुबह आठ बजे उठने पर उन्होंने बेटी को फंदे से लटकता पाया।