फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

युवा सपाइयों ने अखिलेश के सामने रोया 'दुखड़ा'

Tue, 28 Apr 2015 12:35 AM IST
ब्यूरो/अमर उजाला, लखनऊ
विज्ञापन
विज्ञापन
समाजवादी पार्टी के युवा नेताओं ने सोमवार को पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के सामने अपनी पीड़ा बयां की। कहा, आपसे मुलाकात नहीं हो पाती और अफसर सुनते नहीं। इस पर सीएम ने उनसे लिखित में शिकायतें मांगीं और हर महीने की पांच तारीख को मिलने का भरोसा दिया।
विज्ञापन


सपा मुख्यालय के लोहिया सभागार में चारों युवा संगठनों, समाजवादी युवजन सभा, लोहिया वाहिनी, छात्रसभा और मुलायम सिंह यादव यूथ ब्रिगेड के जिला व महानगर अध्यक्षों, प्रदेश कार्यकारिणी के पदाधिकारियों, सदस्यों व पूर्व राष्ट्रीय व प्रदेश अध्यक्षों की बैठक में कई नेताओं ने जिलों में सपा में गुटबंदी की शिकायत की।

यह भी कहा कि जनहित के मुद्दे पर अधिकारी युवा नेताओं की बातें नहीं सुनते। उनसे (सीएम) भी उनकी मुलाकात नहीं हो पाती। पहले एक तारीख को वे उनसे मिलकर समस्याएं पूछते थे, फीडबैक लेते थे।
विज्ञापन


इस पर अखिलेश यादव ने आश्वस्त किया कि अब वे हर महीने की पांच तारीख को चारों युवा संगठनों के नेताओं से मिला करेंगे। कुछ जिलाध्यक्षों ने अपने जिलों में विकास संबंधी काम न होने की शिकायत भी की।

...तो 2017 में फिर बनेगी सपा सरकार

सीएम ने कहा कि तीन साल में बहुत विकास हुआ है। किसानों की सबसे ज्यादा मदद सपा सरकार ने की है। अपने काम के आधार पर यदि हमने जनता का भरोसा जीत लिया तो 2017 में फिर हमारी सरकार बनेगी।

इसके लिए संगठित होकर योजनाबद्ध तरीके से अपने काम का प्रचार करना पड़ेगा ताकि जनता को विपक्षी बरगला न सकें। उन्होंने नौजवानों से साफ-सुथरी छवि बनाए रखने पर जोर दिया।

भूमि अधिग्रहण का तरीका हमसे सीखें विपक्षी
मुख्यमंत्री ने कहा कि किसानों की सहमति से भूमि अधिग्रहण का तरीका विपक्षी हमसे सीखें। हमने किसानों को चार गुना मुआवजा दिया है। उन्होंने समाजवादी पेंशन, मेट्रो परियोजना, कन्या विद्याधन समेत कई कामों का भी जिक्र किया।
विज्ञापन

समाजवादी विचारधारा ही विकल्प

सपा के प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि देश में जो आर्थिक नीतियां चल रही हैं, उनसे बेकारी, गरीबी, आर्थिक गैर बराबरी और सामाजिक विषमता बढ़ी है। ऐसे में समाजवादी विचारधारा ही धर्मनिरपेक्षता, सामाजिक सद्भाव और विकास का रास्ता खोलेगी।

आजमगढ़ के जिलाध्यक्ष की शिकायत
आजमगढ़ के एक युवा नेता ने वहां के सपा जिलाध्यक्ष की शिकायत की। दो-तीन और अध्यक्षों ने गुटबंदी की तरफ इशारा किया। इस पर सीएम ने कहा कि अपनी दिक्कत-परेशानी लिखकर दे दें।

भूकंप पीड़ितों के लिए 1.40 लाख की मदद
मुलायम सिंह यूथ ब्रिगेड के प्रदेश अध्यक्ष मो. एबाद ने भूकंप पीड़ितों के लिए मुख्यमंत्री राहत कोष में 1.40 लाख रुपये का चेक भेंट किया।

बैठक के अंत में दो मिनट का मौन रखकर बेमौसम बारिश से फसल बर्बाद होने के कारण जान गंवाने वाले किसानों और भूकंप में मारे गए लोगों को श्रद्धांजलि दी गई।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें