गदागंज (रायबरेली)। थाना क्षेत्र में शनिवार को वाहन का इंतजार करते समय अचानक युवक सड़क पर गिर गया। जब तक उसे अस्पताल पहुंचाया जाता, तब तक उसकी मौत हो गई। आशंका है कि जहां पर युवक गिरा, वहां पर गिट्टियां होने की वजह से उसे अंदरूनी चोट आई। इससे उसकी मौत हो गई।
प्रतापगढ़ जिले के थाना नवाबगंज के अंतर्गत गांव वाजिदपुर निवासी संतलाल (45) पुत्र रामअवतार शुक्रवार शाम अपनी बहन के गांव पूरे तोड़ी सिंह का पुरवा मजरे बांसी रिहायक आया था। सुबह वह घर जाने के लिए गदागंज थाना क्षेत्र के कुरौली बुधकर चौराहा के पास वाहन का इंतजार कर रहा था।
अचानक वह सड़क किनारे सड़क निर्माण के लिए लगी गिट्टियों पर गिर गया। जब तक उसे अस्पताल पहुंचाया जाता, तब तक उसकी मौत हो गई। घर वालों ने बताया कि युवक काफी दिनों से नशा करता था। थाना प्रभारी राकेशचंद्र आनंद ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत की सही वजह सामने आएगी।