लखनऊ में बाइक की टक्कर से एक युवक उछलकर बीच सड़क जा गिरा। इसी समय तेज रफ्तार कार ने उसे कुचल दिया। मौके पर ही उसकी मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी चालक भाग निकले।
राजधानी लखनऊ में रविवार की सुबह सड़क पार कर रहे युवक को बाइक ने टक्कर मार दी। वह उछलकर दूर जा गिरा। इसी समय पीछे से आई एक तेज रफ्तार कार ने उसे रौंद दिया। मौके पर ही उसकी मौत हो गई। घटना से घर में कोहराम मच गया।
विज्ञापन
हादसा गोसाईंगंज थाना क्षेत्र के बिरूहा चौराहे पर हुआ। हादसे में क्षेत्र के ही बखारी गांव निवासी पीयूष (20) की मौत हुई है। वह अपने चाचा पवन के साथ लुलु मॉल में एक मोबाइल की दुकान पर काम करता था। सुबह घर से दुकान काम पर जाने के लिए निकला था।
बिरूहा चौराहे पर सवारी पकड़ने के लिए सड़क पार कर रहा था। इसी समय बाइक ने टक्कर मार दी। इससे वह बीच सड़क पर जा गिरा। इसी दौरान एक कार उसको रौंदते हुए निकल गई। हादसे में मौके पर ही उसकी मौत हो गई। हादसा देख आसपास के लोग भागकर पहुंचे।
विज्ञापन
लोगों ने पियूष के घरवालों की घटना की जानकारी दी। सूचना पर घरवाले रोते बिलखते पहुंच गए। परिवार में पिता किसान रामशंकर, मां गीता, एक भाई व बहन हैं। उधर सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटना की जानकारी ली। आरोपी बाइक व कार सवार की तलाश कर रही है।