ऊंचाहार (रायबरेली)। लखनऊ-प्रयागराज राष्ट्रीय राजमार्ग पर रविवार को दो बाइकों की टक्कर हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि एक बाइक पर सवार कंस्ट्रक्शन कंपनी के सुपरवाइजर सड़क पर गिर पड़े। तभी तेज रफ्तार में टैंकर ने उन्हें कुचल दिया। इससे उनकी मौत हो गई। हादसे में दो युवतियों समेत चार लोग घायल हुए।
बलरामपुर जिले के श्रीदत्तगंज निवासी इमाम अली (22) यहां गंगा एक्सप्रेसवे निर्माण में लगी एक कंस्ट्रक्शन कंपनी में सुपरवाइजर थे। रविवार दोपहर बाद अपने साथी बलिया जिले के बयासी थाना क्षेत्र के परानपुर निवासी अरुण यादव के साथ बाइक से ऊंचाहार आए थे। लौटते समय सवैया हसन गांव के पास हाईवे पर सामने से आ रही बाइक से उनकी बाइक टकरा गई। इससे वह सड़क पर गिर पड़े। इस दौरान ऊंचाहार की ओर जा रहे राख टैंकर ने उन्हें कुचल दिया। इससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। इमाम ही बाइक चला रहे थे। उनके साथी अरुण यादव को चोटें आईं।
दूसरी बाइक पर सवार भदोखर थाना क्षेत्र के मंगरवारा की रहने वाली रंजना (18), वंदना (22) व सुलखियापुर निवासी राजेंद्र (22) घायल हो गए। पुलिस ने घायलों का सीएचसी पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने राजेंद्र की हालत गंभीर होने पर उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया। कोतवाली प्रभारी संजय कुमार ने बताया कि टैंकर को कब्जे में लिया गया है। चालक फरार है। तहरीर मिलने पर मामला दर्ज किया जाएगा।