डलमऊ (रायबरेली)। कोतवाली क्षेत्र में बुधवार को तेज रफ्तार बोलेरो ने बाइक सवार युवक को टक्कर मार दी। इससे उसकी मौत हो गई। उसका साथी घायल हो गया।
कोतवाली क्षेत्र के पूरे नया मजरे सोडासी गांव निवासी राजेश कुमार यादव का 21 वर्षीय पुत्र आयुष कुमार अपने दोस्त अमन तिवारी निवासी जहांगीराबाद के साथ मुराई बाग कस्बे से जगतपुर की ओर जा रहा था। डलमऊ-जगतपुर मार्ग पर पूरे गुरुबख्श मजरे खलीलपुर गांव के पास पीछे से आ रही बोलेरो ने टक्कर मार दी।
इससे दोनों युवक घायल हो गए। आसपास के लोगों ने घायलाें को सीएचसी पहुंचया, जहां आयुष कुमार को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने बोलेरो व चालक को हिरासत में लिया है। कोतवाली प्रभारी पवन कुमार सोनकर ने बताया कि मृतक के पिता राजेश कुमार की तहरीर पर केस दर्ज कर लिया गया है।
सड़क हादसे में आयुष की मौत से परिवार में कोहराम मचा है। दो माह पूर्व आयुष के छोटे भाई आर्यन की भी मार्ग दुर्घटना में मौत हो चुकी है। दो बेटों की मौत से पिता राजेश कुमार पूरी तरह टूट गए है।