रायबरेली। सड़क हादसों में बाइक सवार युवक की मौत हो गई, जबकि पांच लोग घायल हो गए। घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया गया।
शिवगढ़ थाना क्षेत्र के जुगराजपुर के रहने वाले सगे भाई शिवलाल (35) लक्ष्मी नारायण (32) और गांव के ही विजय कुमार (25) एक ही बाइक से शनिवार को गुमावां किसी काम से गए थे। लौटते समय रात करीब आठ बजे कोनी मोड़ के पास लकड़ी लदी ट्रैक्टर-ट्राॅली ने बाइक में टक्कर मार दी। इससे बाइक सवार सभी लोग घायल हो गए। सभी को सीएचसी ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने हालत गंभीर होने पर शिवलाल को जिला अस्पताल रेफर कर दिया। हालत में सुधार न होने पर शिवलाल को लखनऊ ट्राॅमा सेंटर रेफर कर दिया गया, जहां रास्ते में उसकी मौत हो गई।
मृतक युवक हेलमेट लगाए था। शरीर में अंदरूनी चोट आने से उसने दम तोड़ दिया। युवक की मौत से पत्नी राजकला, मां शुखराना, पुत्र लवकुश (10), बेटी नेहा (7), नित्या (4) समेत अन्य परिजनों में रोना पिटना मचा है। थानाध्यक्ष अरुणेश कुमार गुप्ता ने बताया कि तहरीर मिलने पर केस दर्ज किया जाएगा।
उधर, सरेनी थाना क्षेत्र के हमीरगांव निवासी रविशंकर बाजपेयी, पत्नी गोल्डी व बेटे गौरव के साथ बाइक से गंगा स्नान करके लौट रहा था। महराजखेड़ा गांव के पास सामने से आ रही कार ने टक्कर मार दी। इससे बाइक सवार तीनों घायल हो गए। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया। रविशंकर हेलमेट लगाए हुए थे। इसलिए उसकी जान बच गई।