रायबरेली जिले के ऊंचाहार थाना इलाके में एक युवक ने मंगलवार को लाइसेंसी बंदूक से खुद को गोली मारकर खुदकुशी कर ली। कहा जा रहा है कि पुलिस की नोटिस मिलते ही युवक डिप्रेशन में आ गया था। इसी वजह से उसने पिता की लाइसेंसी रायफल से दाढ़ी के नीचे सटाकर गोली मारकर जान दी।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच की। परिजनों का कहना है कि एक व्यक्ति बेटे के खिलाफ फर्जी तरीके से शिकायत कर रहा था। मामले में पुलिस की तरफ से नोटिस दिया गया था। इससे युवक डिप्रेशन में आ गया था। हालांकि स्थानीय पुलिस का दावा है कि युवक मानसिक रूप से बीमार था। इसी वजह से उसने खुदकुशी की है।
ऊंचाहार कोतवाली क्षेत्र के गांव पूरे बल्दू मजरे मिर्जापुर ऐहारी गांव निवासी धर्मेंद्र मिश्रा (24) पुत्र हिमालय मिश्र मंगलवार की सुबह अपने घर पर था। इसी दौरान घर के अंदर गोली चलने की आवाज सुनकर घर और आसपास के लोग दौड़कर मौके पर पहुंचे।
देखा तो धर्मेंद्र जमीन पर पड़ा था। वहीं पर लाइसेंसी रायफल भी पड़ी थी। कमरे में मांस के टुकड़े देखकर हर कोई सन्न रह गया। धर्मेंद्र की मौत से परिजनों में कोहराम मच गया। पिता हिमांलय मिश्रा का आरोप है कि बेटे को सीओ कार्यालय से एक नोटिस मिला था।