लखनऊ के मड़ियांव के भरत नगर में किराये के मकान में रहने वाले सिद्धार्थनगर के युवक ने खुदकुशी कर ली। बंगलूरू की नौकरी छूटने के बाद युवक काम की तलाश में लखनऊ आया था। युवक ने जान देने से पहले भाई को फोन किया था।
भाई मैं बहुत परेशान हूं...जान देने जा रहा हूं... अब अगली सुबह नहीं देखूंगा..। ये बोलकर मड़ियांव के भरत नगर निवासी एक शख्स ने फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। परिजन जब मौके पर पहुंचे तो दरवाजा तोड़कर शव निकाला गया। सोमवार को पुलिस ने पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों के सुपुर्द किया।
विज्ञापन
सिद्धार्थनगर के शोहरत गढ़ निवासी दुर्गेश यादव (28) भरत नगर में किराये के मकान में रहते थे। वह नौकरी की तलाश में थे। रविवार रात उन्होंने अपने भाई राजू को फोन किया। इस दौरान दुर्गेश काफी परेशान थे। राजू ने जब परेशानी की वजह पूछी तो दुर्गेश ने कहा कि कुछ समझ नहीं आ रहा है।
अब मैं जान देने जा रहा हूं। ये सुनकर राजू दंग रह गए। जब तक कुछ बातचीत कर पाते तब तक दुर्गेश ने कॉल डिस्कनेक्ट कर दी। फिर मोबाइल बंद कर लिया। परिजन तुरंत लखनऊ के लिए रवाना हुए। जब वह उसके किराये के मकान में पहुंचे तो दरवाजा भीतर से बंद मिला। पुलिस को सूचना दी। सभी ने मिलकर दरवाजा तोड़ा और भीतर गए। जहां पंखे में गमछे से बंधे फंदे पर दुर्गेश का शव लटका मिला।
विज्ञापन
परिजनों के मुताबिक दुर्गेश पहले बंगलुरू में नौकरी करते थे। करीब छह महीने पहले नौकरी छूट गई थी। तब से वह लखनऊ में रहकर नौकरी की तलाश कर रहे थे। अंदेशा है कि इसी वजह से वह परेशान थे। इसलिए आत्मघाती कदम उठाया।
रेलवे ओवरब्रिज से युवती ने लगाई छलांग, गंभीर
एक अन्य मामले में लखनऊ के दुबग्गा में सोमवार शाम नौबस्ता रेलवे ओवरब्रिज से एक युवती ने छलांग लगा दी। वह नीचे रेलवे ट्रैक पर जाकर गिरी। राहगीरों ने पुलिस को सूचना दी और मदद कर उसे अस्पताल पहुंचाया। युवती की हालत बेहद नाजुक है। खुदकुशी के प्रयास की वजह नहीं पता चल सकी है। परिजन भी इस बारे में कोई जानकारी नहीं दे सके।
मलिहाबाद के गढ़ी संजर खां गांव निवासी राजेंद्र की बेटी सोमवती (25) सोमवार शाम करीब चार बजे दांत के डॉक्टर के पास जाने की बात कहकर घर से निकली थी। वह आईआईएम रोड स्थित निजी डेंटल अस्पताल में डॉक्टर को दिखाने के बाद घर लौट रही थीं। इसी दौरान जब वह दुबग्गा में नौबस्ता रेलवे ओवरब्रिज पर पहुंचीं तो अचानक से ऊपर से छलांग लगा दी। युवती को ओवरब्रिज से कूदते देख राहगीरों ने पुलिस को सूचना दी।
दुबग्गा इंस्पेक्टर अभिनव वर्मा ने बताया कि युवती के चेहरे, सिर और शरीर के कई अंगों में गंभीर चोटें आई हैं। वह बातचीत करने की स्थिति में नहीं है। इसलिए पता नहीं चल सका कि उसने खुदकुशी का प्रयास क्यों किया। सोमवती के भाई नीरज ने बताया कि तीन साल पहले उनकी बहन की शादी तय हुई थी। कुछ वजहों से रिश्ता टूट गया था। अभी हाल में ही संडीला से रिश्ता तय किया गया था। वहां भी कुछ दिक्कतें आ रही थीं।
लोगों ने की मदद, वीडियो वायरल
युवती को ओवरब्रिज से कूदते देख कई राहगीर तुरंत नीचे रेलवे ट्रैक पर पहुंचे और पुलिस को जानकारी दी। अस्पताल पहुंचाने में भी मदद की। इस दौरान कुछ लोगों ने वीडियो भी बना लिया। जिसमें खून से लथपथ युवती दिख रही है। ये वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।