लखनऊ। गुडंबा के मिश्रपुर में 24 वर्षीय रितिक ने मंगलवार को आत्महत्या कर ली। वह अस्पताल में भर्ती अपनी बीमार मां को देखकर घर लौटे थे।
देर रात उनकी मां विमला अस्पताल से घर लौटीं। उन्हें मुख्य दरवाजा खुला मिला। बेटे को आवाज देने पर कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। रितिक का कमरा भीतर से बंद था। विमला ने पड़ोसियों को बुलाया। पड़ोसियों ने दरवाजा खोला तो रितिक का शव दुपट्टे के सहारे पंखे से लटका मिला। बेटे को देखकर विमला बेहोश हो गईं। मोहल्ले वालों ने रितिक के पिता राम मिलन व भाई को भी सूचना दे दी। इंस्पेक्टर अंजनी कुमार मिश्र के अनुसार, परिजन आत्महत्या की स्पष्ट वजह नहीं बता सके। मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।