बख्शी का तालाब। महिंगवा के रमपुरवा गांव के पास बृहस्पतिवार को तेज रफ्तार ई रिक्शा और बाइक में टक्कर हो गई। इस हादसे में बाइक सवार हसनापुर निवासी जितिन (20) की मौत हो गई, जबकि उनके पिता रामकुमार घायल हो गए।
जितिन की बहन रोशनी के अनुसार, पिता, भाई, पति राजू और बेटा छोटू दो बाइकों से बाराबंकी स्थित रज्जाक बाबा मजार से लौट रहे थे। शाम करीब छह बजे रमपुरवा गांव के पास जितिन की बाइक से ई रिक्शा टकराया। जितिन ने हेलमेट नहीं पहना था। टक्कर के बाद दोनों सड़क पर गिरकर घायल हो गए। ई रिक्शा अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खंती में जा गिरा।
40 मिनट बाद पहुंची एंबुलेंस
रोशनी ने आरोप लगाया कि एंबुलेंस 40 मिनट देरी से पहुंची। घायल जितिन को राम सागर मिश्र अस्पताल में मृत घोषित किया गया, जबकि रामकुमार को ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया। परिजनों का आरोप है कि ई रिक्शा किशोर चला रहा था। एसओ महिगांव रामकुमार गुप्ता ने बताया कि तहरीर मिलने पर एफआईआर दर्ज की जाएगी।