लखनऊ। केजीएमयू के लारी कार्डियोलॉजी विभाग में जांच करवाने के लिए पहुंच रहे दिल के मरीजों को जनवरी की तारीख मिल रही है। गंभीर मरीजों की भी तत्काल जांच नहीं हो पा रही है। इन्हें भी 24 घंटे बाद का समय दिया जा रहा है।
बाराबंकी के चार वर्षीय दीपू को केजीएमयू के बाल रोग विभाग के डॉक्टरों ने दिल की बीमारी की आशंका जताते हुए लारी की ओपीडी में दिखाने की सलाह दी। मां व अन्य परिजन बृहस्पतिवार सुबह 10 बजे उसे लारी लेकर पहुंचे। ओपीडी में डॉक्टर ने देखने के बाद टूडी ईको जांच लिख दी। दीपू को सांस लेने में तकलीफ हो रही थी। हालत गंभीर होने के बावजूद जांच के लिए उसे शुक्रवार की तारीख मिली। परिजनों ने गुजारिश की, लेकिन कर्मचारियों ने एक न सुनी।
इसी तरह ओपीडी में दिखाने पर 55 वर्षीय विमला को टूडी ईको जांच लिखी गई। परिजन काउंटर पर डेट लेने पहुंचे तो उन्हें 27 जनवरी को बुलाया गया। परिजनों का कहना है कि मरीज की हालत ठीक नहीं है। इसके बावजूद ढाई माह बाद की तारीख दी गई।