योगी आदित्यनाथ सरकार 25 जून को अपने 100 दिन के कार्यकाल का रिपोर्ट कार्ड पेश करेगी। ये जानकारी डिप्टी सीएम केशव मौर्य ने दी।
पंडित दीनदयाल उपाध्याय जन्मशताब्दी वर्ष के तहत भाजपा के प्रदेश पदाधिकारी दूसरे जिलों में मंडल स्तर पर दो-दो दिन प्रवास करेंगे। हर पदाधिकारी को एक जिले का पालक अधिकारी बनाया जाएगा।
बृहस्पतिवार को यहां प्रदेश भाजपा पदाधिकारियों की बैठक में यह निर्णय किया गया। बैठक के बाद पत्रकार वार्ता में प्रदेश अध्यक्ष केशव प्रसाद मौर्य ने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 25 जून को अपने 100 दिन के कार्यकाल का रिपोर्ट कार्ड पेश करेंगे।
उन्होंने कहा-2014 के लोकसभा चुनाव में पार्टी को 42 प्रतिशत वोट और 72 सीटें मिली थीं। 2019 के चुनाव में वोट प्रतिशत बढ़ाकर 60 और सीटों की संख्या 80 करने का लक्ष्य रखा गया है।
उन्होंने बताया कि जनसम्पर्क अभियान, किसान मोर्चा एवं जनकल्याण सम्मेलन के लिए प्रदेश महामंत्री विजय बहादुर पाठक, पौधरोपण के लिए प्रदेश महामंत्री अशोक कटारिया, जिला संगोष्ठी के लिए प्रदेश मंत्री अमरपाल मौर्य और क्षेत्रीय संगोष्ठी के लिए प्रदेश उपाध्यक्ष जेपीएस राठौर को प्रभारी बनाया गया है।