मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अगुवाई में प्रदेश सरकार ने कोरोना संकट से निपटने में लगातार सफलता हासिल की है । किसानों, महिलाओं, वृद्ध विधवा और अन्य जरूरत मंदों की इस संकट में अर्थ व अन्न से मदद करने के साथ लोगों को रोजगार मुहैया कराने की दिशा में महत्वपूर्ण काम किए गए हैं। प्रवासी मजदूरों को उनके घरों को पहुंचाने के साथ 90 लाख लोगों को रोजगार दिया जा चुका है। लगातार प्रयासों से इसी महीने 26 जून को सरकार प्रदेश में 1.25 करोड़ लोगों को सेवायोजन, रोजगार और स्व रोजगार उपलब्ध कराने की स्थिति में हो जाएगी ।
मुख्यमंत्री रविवार शाम यहां भाजपा मुख्यालय से पार्टी द्वारा आयोजित राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा की पश्चिमांचल की वर्चुअल जनसंवाद रैली में बोल रहे थे । इस रैली में ब्रज और पश्चिम क्षेत्र के कार्यकर्ताओं के अलावा बड़े पैमाने पर आम लोगों ने हिस्सा लिया। मुख्यमंत्री ने रविवार को हुए सूर्यग्रहण और योग दिवस का उल्लेख करते हुए कहा कि योग के माध्यम से दुनिया के कई देशों का भारत के साथ आत्मीय संबंध बना है । कोरोना आपदा से निपटने के फैसलों के लिए मुख्यमंत्री ने देश के 130 करोड़ लोगों की तरफ से प्रधानमंत्री का आभार जताते हुए कहा कि योग व्यक्ति की रोग प्रतिरोधक क्षमता को बढ़ाता है । इसलिए सभी को अपने जीवन में योग को अनिवार्य रूप से शामिल करना चाहिए ।
पीएम की दूरदर्शिता से भयावह नहीं हुई महामारी
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री के दूरदर्शी फैसलों का ही नतीजा है कि 130 करोड़ की आबादी होते हुए भी देश में कोरोना उतना भयावह रूप नहीं ले सका है । अमेरिका से तुलना करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि 30 करोड़ की आबादी वाले अमेरिका में कोरोना से अब तक 1.20 लाख मौतें हो चुकी हैं जबकि हमारे देश में यह संख्या अभी 12 हजार ही है । कहा कि इस महामारी में दुनिया भर लोगों को अपनी-अपनी सरकारों के विरोध में सड़कों पर उतरना जारी है जबकि भारत में लोगों का सरकार के साथ कदम से कदम मिलाकर चलना मोदी पर लोगों के भरोसे का प्रमाण है ।