सीएम आदित्यनाथ व डिप्टी सीएम दिनेश शर्मा
- फोटो : amar ujala
यूपी सरकार ने भूमाफियाओं के खिलाफ की गई कार्रवाई की जानकारी देते हुए कहा है कि अब तक 1,035 भूमाफियाओं को चिन्हित किया जा चुका है। इसके साथ ही 42 पर गैंगस्टर एक्ट व 70 के खिलाफ आपराधिक मामले दर्ज किए जा चुके है।
यूपी के डिप्टी सीएम दिनेश शर्मा ने कहा कि एंटी भूमाफिया टास्क फोर्स ने तेजी से काम करना शुरू कर दिया है। सरकार के कार्यकाल के सौ दिन पूरे होने से पहले ही 6,794 हेक्टेअर जमीन माफियाओं से मुक्त करवा ली गई है। साथ ही 1, 53,808 अतिक्रमणकारियों की पहचान भी कर ली गई है।
इसके साथ ही मुख्यमंत्री आदित्यनाथ ने भूमाफियाओं के कारण सरकार को हुए राजस्व को नुकसान की भरपाई के लिए वसूली करने का फरमान जारी कर दिया है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को लखनऊ के योजना भवन में एंटी भू-माफिया पोर्टल व ऑनलाइन नामांतरण आवेदन पोर्टल लांच कर दिया। उन्होंने बताया कि अवैध कब्जों को हटाने के लिए हर तहसील, जिला, मंडल व राज्य स्तर पर एंटी भू-माफिया टास्क फोर्स बनाई गई है। इस टास्कफोर्स ने तेजी से काम शुरू किया है।
इस मौकेपर उपमुख्यमंत्री डा. दिनेश शर्मा, राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार)अनुपमा जायसवाल, राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) स्वाती सिंह, मुख्य सचिव राहुल भटनागर, राजस्व परिषद के चेयरमैन प्रवीर कुमार आदि उपस्थित रहे।