माटी कला के हुनरमंदों से मिलते सीएम योगी
- फोटो : अमर उजाला
योगी आदित्यनाथ ने माटी कला के हुनरमंदों को दीपावली का ऐसा तोहफा दिया है, जिसे वे ताउम्र नहीं भूल सकेंगे। खादी भवन में माटी कला मेले का शुक्रवार को आखिरी दिन होने के कारण कुछ कलाकार मुख्यमंत्री से मिलने सुबह उनके आवास पहुंचे। मुख्यमंत्री को उपहार देने के लिए कलाकारों ने मेले में बचे अपने कुछ उत्पादों को भी लिया था। लेकिन, जब उनकी मुलाकात सीएम से हुई, तो उन्होंने मुख्यमंत्री को उपहार दिखाए। सीएम ने उनसे बचे हुए माटी कला के सारे उत्पाद खरीद लिए। मुख्यमंत्री के इस अपनेपन से कलाकारों की खुशी का ठिकाना नहीं रहा। इतना ही नहीं मुख्यमंत्री आवास से वापस जाते वक्त मुख्यमंत्री ने सभी को मिठाई खिलाई और उपहार भी दिए।
सीएम से मिलने आजमगढ़ के घुरहूराम प्रजापति, गोरखपुर के राम मिलन प्रजापति, गोरखपुर के हीरालाल प्रजापति, बाराबंकी के शिवकुमार सहित नौ कलाकार आए थे। गोरखपुर जिले के जंगल एकला नंबर दो बुढऊ टोला निवासी हरिओम प्रजापति ने बताया कि मुख्यमंत्री जी ने हमसे पहले मेले के बारे में पूरी जानकारी ली। फिर हमारी परेशानियों के बारे में पूछा। मेला हमारी उम्मीद से 10 गुना ज्यादा अच्छा है। किसी कलाकार की यहां से जाने की इच्छा नहीं है। हम चाहते हैं कि अगले साल और बड़े पैमाने पर इस मेले का आयोजन हो।