फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

योगी कैबिनेट में 18 नए चेहरे, कुल 23 मंत्रियों ने ली पद व गोपनीयता की शपथ, तस्वीरें

Thu, 22 Aug 2019 08:58 AM IST
Amulya Rastogi न्यूज डेस्क, अमर उजाला, लखनऊ
विज्ञापन
1 of 25
- फोटो : amar ujala
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंत्रिपरिषद के पहले विस्तार में 18 नए चेहरों को अपनी टीम में शामिल किया है। साथ ही मौजूदा मंत्रिपरिषद के पांच सदस्यों को पदोन्नति मिली है। इनमें से चार को कैबिनेट मंत्री व एक को राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) बनाया गया है। कैबिनेट मंत्री के रूप में दो, राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) के रूप में पांच तथा राज्यमंत्री के रूप में 11 नए चेहरों को योगी की नई टीम में जगह मिली है।

राजभवन में आयोजित कार्यक्रम में राज्यपाल आनंदी बेन पटेल ने छह कैबिनेट, छह राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) व 11 राज्यमंत्रियों (कुल 23) को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। समारोह में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के अलावा, उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, डॉ. दिनेश शर्मा, चिकित्सा शिक्षा मंत्री आशुतोष टंडन समेत सरकार के कई मंत्री, वरिष्ठ प्रशासनिक व पुलिस अधिकारी मौजूद थे।

इन्होंने कैबिनेट मंत्री के रूप में शपथ ली
कैबिनेट मंत्री के रूप में शपथ लेने वालों में डॉ. महेंद्र सिंह, सुरेश राणा, अनिल राजभर, भूपेंद्र सिंह चौधरी, रामनरेश अग्निहोत्री, कमलरानी वरुण शामिल हैं। इनमें राम नरेश अग्निहोत्री व कमलरानी नया चेहरा हैं।

इन्हें बनाया गया राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार)
बतौर राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) शपथ ग्रहण करने वालों में डॉ. नीलकंठ तिवारी, कपिलदेव अग्रवाल, सतीश द्विवेदी, अशोक कटियार, श्रीराम चौहान, रविंद्र जायसवाल शामिल हैं।

11 विधायक बने राज्यमंत्री
राज्यमंत्री के रूप में अनिल शर्मा, महेश गुप्ता, आनंद स्वरूप शुक्ला, डॉ. गिर्राज सिंह धर्मेश, लाखन सिंह राजपूत, नीलिमा कटियार, चौधरी उदयभान सिंह, चंद्रिका प्रसाद उपाध्याय, रामशंकर सिंह पटेल, अजित सिंह पाल और विजय कश्यप ने शपथ ली।


 
विज्ञापन

2 of 25
- फोटो : amar ujala
सुरेश राणा : विधायक रहते हुए बनाई हिंदुत्व के चेहरे की पहचान
राज्यमंत्री से कैबिनेट मंत्री के पद पर प्रमोशन पाने वाले सुरेश राणा 2012 के चुनाव में पहली बार शामली की थानाभवन विधानसभा क्षेत्र से विधायक बने। अगला चुनाव भी उन्होंने इसी विधानसभा क्षेत्र से जीता। उन्होंने सपा सरकार में संघर्ष करके खुद को हिंदुत्व के चेहरे के रूप में स्थापित किया। गन्ना राज्यमंत्री, स्वतंत्र प्रभार के रूप में अच्छा काम करने का उन्हें इनाम मिला।
विज्ञापन

3 of 25
कैबिनेट मंत्री पद की शपथ लेते महेंद्र सिंह। - फोटो : amar ujala
डॉ. महेंद्र सिंह : सभासद से की थी शुरुआत
ग्राम्य विकास राज्य मंत्री से कैबिनेट मंत्री के पद पर पदोन्नति पाने वाले डॉ. महेंद्र सिंह ने अपने राजनीतिक कॅरिअर की शुरुआत लखनऊ में सभासद के रूप में की। वे भाजपा के युवा मोर्चा में लंबे समय सक्रिय रहे। भाजपा के प्रदेश मंत्री से लेकर राष्ट्रीय मंत्री तक की जिम्मेदारी निभाई। वर्तमान में वह विधान परिषद सदस्य हैं। वे लगातार दूसरी बार एमएलसी हैं। चुनाव प्रबंधन में उन्हें महारत हासिल है।

4 of 25
शपथ लेते अनिल राजभर। - फोटो : amar ujala
अनिल राजभर : छात्र संघ अध्यक्ष से कैबिनेट मंत्री तक का सफर
अनिल राजभर वाराणसी के शिवपुर विधानसभा क्षेत्र से विधायक हैं। वे छात्र जीवन से ही राजनीति में आ गए थे। वाराणसी के पास सकलडीहा डिग्री कॉलेज छात्र संघ के अध्यक्ष भी रहे। राजनीतिक करियर की शुरुआत सपा से की। बाद में भाजपा में आ गए। सुभासपा अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर की कैबिनेट से विदाई के बाद उनके सभी विभाग अनिल राजभर को दे दिए गए थे।
विज्ञापन

5 of 25
रामनरेश अग्निहोत्री। - फोटो : amar ujala
रामनरेश अग्निहोत्री : सपा के गढ़ में लगाई थी सेंध
रामनरेश अग्निहोत्री मैनपुरी के भोगांव से विधायक हैं। वह पहली बार 2017 में विधायक चुने गए। मैनपुरी सपा का गढ़ माना जाता है, जहां विधानसभा चुनाव में सेंध लगाने में अग्निहोत्री पूरी तरह से कामयाब रहे। विधायक बनने से पहले क्षेत्र में वे एक प्रतिष्ठित व्यापारी की पहचान बना चुके थे।
विज्ञापन

6 of 25
शपथ लेते भूपेंद्र सिंह चौधरी। - फोटो : amar ujala
भूपेंद्र सिंह चौधरी : 2016 में बने थे एमएलसी
कैबिनेट मंत्री भूपेंद्र सिंह चौधरी 1990 में भाजपा से जुड़े तो फिर कभी पीछे मुड़कर नहीं देखा। मूल रूप से मुरादाबाद के रहने वाले चौधरी भाजपा में अहम पदों पर भी रहे। 2016 में पार्टी ने उन्हें एमएलसी बनाकर विधान परिषद भेजा। योगी सरकार बनने पर उन्हें पंचायतीराज विभाग का राज्यमंत्री, स्वतंत्र प्रभार बनाया। प्रदेश में स्वच्छता मिशन की कामयाबी को लेकर उनकी काफी प्रशंसा भी हुई।
विज्ञापन

7 of 25
मंत्री पद की शपथ लेतीं कमला रानी वरुण। - फोटो : amar ujala
कमलरानी वरुण : दो बार लोकसभा सदस्य भी रह चुकी हैं
घाटमपुर (कानपुर) से विधायक कमलरानी वरुण 1996 और 1998 में लोकसभा सदस्य भी रह चुकी हैं। 61 वर्षीय कमलरानी ने कानपुर विश्वविद्यालय से एमए (समाजशास्त्र) किया। वे लोकसभा की श्रम कल्याण समेत विभिन्न समितियों में भी रह चुकी हैं। उत्तर प्रदेश की राजनीति पर उनकी गहरी पकड़ मानी जाती है।

8 of 25
मंत्री पद की शपथ लेते नीलकंठ तिवारी। - फोटो : amar ujala
नीलकंठ तिवारी : वाराणसी में बेहतर काम करने का इनाम
डॉ. नीलकंठ तिवारी को पदोन्नत कर राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार बनाया गया है। वाराणसी दक्षिण से विधायक तिवारी को लोकसभा चुनाव में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी में बेहतर काम करने का इनाम मिला है। आरएसएस के करीबी डॉ. नीलकंठ तिवारी पेशे से वकील भी हैं। उन्होंने संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय से पीएचडी की है।

9 of 25
कपिल देव अग्रवाल। - फोटो : amar ujala
कपिलदेव अग्रवाल
राज्यमंत्री कपिल देव अग्रवाल मुजफ्फरनगर से दूसरी बार विधायक हैं। कपिल देव मुजफ्फरनगर नगर पालिका के चेयरमैन भी रहे हैं। 55 वर्षीय कपिल देव मेरठ यूनिवर्सिटी से ग्रेजुएट हैं और एक विज्ञापन एजेंसी भी चलाते हैं। इन्होंने राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार के रूप में शपथ ली।

10 of 25
शपथ लेते सतीश द्विवेदी। - फोटो : amar ujala
सतीश चंद्र द्विवेदी : ब्राह्मण कोटे का लाभ
राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार सतीश चंद्र द्विवेदी सिद्धार्थनगर की इटवा सीट से विधायक हैं। द्विवेदी ने 2017 विधानसभा चुनाव में पूर्व विधानसभा अध्यक्ष माता प्रसाद पांडेय को हराया था। द्विवेदी को पूर्वांचल के ब्राह्मण कोटे से मंत्रिमंडल में शामिल किया गया है।

11 of 25
अशोक कटियार शपथ लेते हुए। - फोटो : amar ujala
अशोक कटारिया : क्षेत्र में मजबूत पकड़
अशोक कटारिया भाजपा के प्रदेश महामंत्री है। मंत्रिमंडल में गुर्जर जाति को प्रतिनिधित्व देने के लिए कटारिया को मंत्री बनाया गया है। कटारिया भाजपा युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष, भाजपा के प्रदेश मंत्री सहित अन्य पदों पर काम कर चुके हैं। 2018 में एमएलसी बनाया गया था। लोकसभा चुनाव में कटारिया को कानपुर-बुंदेलखंड क्षेत्र का प्रभारी बनाया गया था। इस क्षेत्र की सभी सीटें भाजपा ने जीतीं थीं। इन्होंने राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार के रूप में शपथ ली।

12 of 25
शपथ लेते श्रीराम चौहान। - फोटो : amar ujala
राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार श्रीराम चौहान पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी के नेतृत्व वाली एनडीए सरकार में 1999 में विदेश राज्यमंत्री रहे। 1996 और 1998 में सांसद भी रहे। चौहान 2017 में धनघटा से विधायक चुने गए। श्रीराम की शैक्षणिक योग्यता ग्रेजुएट है।

13 of 25
शपथ लेते रवींद्र जायसवाल। - फोटो : amar ujala
राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार रवीन्द्र जायसवाल वाराणसी उत्तर से दूसरी बार विधायक हैं। पेशे से वकील 52 वर्षीय रवीन्द्र जायसवाल के बड़े भाई आरएसएस के पदाधिकारी हैं।

14 of 25
शपथ लेते अनिल शर्मा। - फोटो : amar ujala
राज्यमंत्री बनाए गए अनिल शर्मा बुलंदशहर की शिकारपुर विधानसभा सीट से विधायक हैं। वर्ष 2002 में वह खुर्जा विधानसभा सीट से पहली बार बसपा के टिकट पर विधायक बने। वर्ष 2007 का चुनाव भी वहीं से जीते। खुर्जा सीट सुरक्षित हो जाने के बाद वे शिकारपुर आ गए, जहां की जनता ने उन्हें वर्ष 2017 के चुनाव में भी हाथोंहाथ लिया।

15 of 25
शपथ लेते महेश गुप्ता। - फोटो : amar ujala
राज्यमंत्री महेश चंद्र गुप्ता बदायूं से दूसरी बार विधायक हैं। पेशे से किसान और व्यापारी महेश चंद्र की शैक्षणिक योग्यता दसवीं है।

16 of 25
शपथ लेते आनंद स्वरूप शुक्ला। - फोटो : amar ujala
आनंद स्वरूप शुक्ला बलिया नगर विधानसभा सीट से चुनाव जीते हैं। 40 वर्षीय शुक्ला ने भाजपा के युवा ब्राह्मण नेता के रूप में पहचान बनाई है। वह गणित में एमएससी, राजनीति शास्त्र में एमए और बीएड हैं। वह पहली बार वर्ष 2017 में चुनाव जीते थे। इन्होंने राज्यमंत्री के रूप में शपथ ली।
 

17 of 25
शपथ लेते विजय कश्यप। - फोटो : amar ujala
राज्यमंत्री विजय कुमार कश्यप मुजफ्फरनगर की चरथावल सीट से विधायक है। पेशे से बिजनेस मैन विजय कश्यप ने 2012 में चरथावल और 2007 में बघरा से चुनाव लड़ा था। वे राजनीतिक शास्त्र में एमए हैं।

18 of 25
- फोटो : amar ujala
राज्यमंत्री डॉ. गिर्राज सिंह धर्मेश पेशे से चिकित्सक हैं। 65 वर्षीय डॉ. धर्मेश आगरा कैंट सीट से विधायक हैं। उन्होंने एसएन मेडिकल कॉलेज आगरा से 1977 में एमबीबीएस किया था। डॉ. धर्मेश ने 2012 में भी इसी सीट से चुनाव लड़ा था।

19 of 25
- फोटो : amar ujala
राज्यमंत्री लाखन सिंह राजपूत औरेया की दिबियापुर सीट से विधायक हैं। पेशे से वकील लाखन सिंह की पत्नी गृहणी है। लाखन सिंह 2017 में पहली बार विधायक बने थे। इन्होंने राज्यमंत्री के रूप में शपथ ली।

20 of 25
शपथ लेते हुए नीलिमा सिंह कटियार। - फोटो : amar ujala
कानपुर नगर की कल्याणपुर सीट से विधायक नीलिमा कटियार भाजपा की प्रदेश महामंत्री भी है। नीलिमा कटियार बिजनेस करती हैं। नीलिमा छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय कानपुर से स्नातकोत्तर डिग्री प्राप्त है। नीलिमा भाजपा महिला मोर्चा सहित विभिन्न पदों पर रही है। उनके तीन बच्चे हैं। इन्होंने राज्यमंत्री के रूप में शपथ ली।

21 of 25
चौधरी उदयभान सिंह शपथ लेने के दौरान। - फोटो : amar ujala
आगरा के फतेहपुर सीकरी से विधायक चौधरी उदयभान सिंह इंटर मीडिएट पास है। 2007 में कांग्रेस से विधायक रहे थे, 2017 विधानसभा चुनाव से पहले ही चौधरी भाजपा में शामिल हुए थे।  इन्होंने राज्यमंत्री के रूप में शपथ ली।

22 of 25
शपथ लेते चंद्रिका प्रसाद उपाध्याय - फोटो : amar ujala
राज्यमंत्री चंद्रिका प्रसाद उपाध्याय चित्रकूट से विधायक है। 68 वर्षीय चंद्रिका प्रसाद सेवानिवृत्त सरकारी कर्मचारी है, अभी समाजसेवा के कार्य करते हैं। इलाहाबाद विश्वविद्यालय से एमए, चंद्रिका प्रसाद बुंदेलखंड में भाजपा के ब्राह्मण चेहरे के रूप में पहचान रखते है।

23 of 25
शपथ लेते रमाशंकर पटेल। - फोटो : amar ujala
मिर्जापुर की मड़िहान सीट से विधायक रमाशंकर सिंह पटेल की शैक्षिक योग्यता ग्रेजुएट है। पटेल ने महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ से एलएलबी की डिग्री भी हासिल की है। रमा शंकर की पत्नी ग्रहणी है, उनके तीन बच्चे हैं। इन्होंने राज्यमंत्री के रूप में शपथ ली।

24 of 25
शपथ लेते अजीत पाल सिंह। - फोटो : amar ujala
अजीत पाल सिंह कानपुर देहात की सिकंदरा सीट से विधायक हैं।  भाजपा विधायक मथुरा प्रसाद पाल के निधन के बाद दिसम्बर 2017 में हुए उप चुनाव में भाजपा ने स्वर्गीय मथुरा प्रसाद पाल के पुत्र अजीत पाल सिंह को टिकट दिया था। 39 वर्षीय अजीत पाल पेशे से इंजीनियर है और खेती भी करते हैं। इन्होंने राज्यमंत्री के रूप में शपथ ली।
विज्ञापन

25 of 25
- फोटो : amar ujala
योगी मंत्रिमंडल के पहले विस्तार में कुल पांच कैबिनेट, छह स्वतंत्र प्रभार व 11 राज्यमंत्रियों ने शपथ ली। कुल 23 नए मंत्री शामिल किए गए।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें