मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में आज लोकभवन में कैबिनेट की चौथी बैठक में कई बड़े फैसलों पर मुहर लगी। इनमें सबसे खास फैसला रहा महापुरुषों के नाम पर दी जाने वाली छुट्टियों को रद करने का। सरकार ने कुल 15 छुट्टियों को रद करने का फैसला लिया है।
इसके अलावा प्रदेशभर में जमीनों पर हो रहे अवैध कब्जों को हटाने और रोकने के लिए एंटी भूमिया टास्क फोर्स के गठन का निर्णय भी लिया गया। बैठक के बाद जानकारी देते हुए कैबिनेट मंत्री श्रीकांत शर्मा ने बताया कि जहां-जहां प्राइवेट जमीन पर कब्जे हुए हैं शासन प्रशासन अभी तक उनकी मदद करता रहा था लेकिन अब शासन प्रशासन उनके खिलाफ कार्रवाई करेगा।
शर्मा ने कहा अगर पुलिस ने ढील दी तो थानाध्यक्षों के खिलाफ भी कार्रवाई होगी। हमें सुनाई दिया है कि जबसे बीजेपी सरकार आई है लोगों ने ऐसी संपत्तियों से कब्जा खुद छोड़ दिया है और प्रेस कॉन्फ्रेंस के बाद इस पर और तेजी आ जाएगी। उन्होंने कहा कि धर्म की आड़ में भी कब्जे नहीं होंगे।
इन फैसलों पर लगी मुहर
15 मई से शुरू होगा विधानमंडल सत्र
डेडीकेटेड फ्रेट कॉरीडोर के लिए जमीन देगा सिंचाई विभाग
एंटी भू-माफिया टास्कफोर्स बनाने को दी मंजूरी
15 महापुरुषों के नाम पर सार्वजनिक अवकाश खत्म
गोरखपुर में ऑडिटोरियम के लिए जमीन को मंजूरी