यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भारत के पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के 94वें जन्मदिन पर उन्हें याद करते हुए कहा कि अटल जी ने एक पार्टी एक विचारधारा में रहकर राजनीति में शून्य से शिखर तक का सफर तय किया। वो पक्ष में रहे हों या विपक्ष में उनके व्यक्तित्व का हमेशा ही विशेष आकर्षण रहा।
उन्होंने कहा कि अस्थिरता के माहौल में देश की राजनीति को स्थायित्व देने और अर्थव्यवस्था को पटरी पर लाने और उसे मजबूती देने का काम अटल जी ने किया। योगी लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में अटल बिहारी के जन्मदिन पर आयोजित कार्यक्रम 'अटल गीत गंगा' में बोल रहे थे।
अटल जी के साथ अपने अनुभवों को याद करते हुए योगी ने कहा कि मुझे 1992 से 2005-06 तक उनका सानिध्य प्राप्त हुआ। संसद में पक्ष-विपक्ष में कितना भी तनाव क्यों न हो लेकिन अटल जी का एक वक्तव्य सारी कड़वाहट को मिठास में बदल देता था। 1998 से 2004 तक प्रधानमंत्री रहते हुए उन्होंने देश के विकास के लिए अद्भुत काम किया।
अटल जी की नींव पर ही आगे चलकर कांग्रेस ने 10 साल तक राज किया। कांग्रेसियों के पास कोई अलग योजना नहीं थी, सब अटल जी की ही योजनाएं थी। आमलोगों तक मोबाइल पहुंचाना, भारत के गांवों को सड़कों से जोड़ना। इन सपनों का आधार अटल जी के कार्यकाल में ही तैयार हुआ।
कार्यक्रम में यूपी के राज्यपाल राम नाईक, भाजपा के वरिष्ठ नेता लाल जी टण्डन, अटल जी के सभी भाषणों को अंग्रेजी में अनुवादित करने वाले डॉ एन एम घटाते, यूपी सरकार के मंत्रीगण सहित बॉलीवुड व भोजपुरी कलाकार मौजूद थे।