मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कोविड-19 को देखते हुए लखनऊ, कानपुर नगर, मेरठ, प्रयागराज, गोरखपुर, गौतमबुद्ध नगर तथा गाजियाबाद जिलों पर खास ध्यान देने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि दिल्ली में संक्रमण के बढ़ते प्रसार को देखते हुए दिल्ली से लगे प्रदेश के सीमावर्ती क्षेत्रों में विशेष सावधानी बरती जाए।
मुख्यमंत्री शुक्रवार को लोकभवन में उच्चस्तरीय बैठक में अनलॉक व्यवस्था की समीक्षा कर रहे थे। उन्होंने कोविड अस्पतालों की व्यवस्थाओं को चुस्त-दुरुस्त बनाए रखने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा है कि कोविड अस्पतालों में आवश्यक औषधियों तथा मेडिकल उपकरणों की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। चिकित्सक नियमित राउंड लें। पैरामेडिक्स रोगियों की गहन मॉनिटरिंग करें।
उन्होंने चिकित्सा शिक्षा मंत्री सुरेश खन्ना को गाजियाबाद और स्वास्थ्य मंत्री जयप्रताप सिंह को गौतमबुद्ध नगर की स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा करने के लिए कहा। उन्होंने कहा कि पब्लिक एड्रेस सिस्टम से लोगों को लगातार जागरूक किया जाए। सुनिश्चित किया जाए कि इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर पूरी सक्रियता से कार्य करे। उन्होंने सर्विलांस तथा कॉन्टैक्ट ट्रेसिंग की व्यवस्था को प्रभावी बनाए रखने के निर्देश भी दिए।