फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

मै हिंदू हूं, ईद नहीं मनाता, इसका मुझे गर्व है: सीएम योगी

Wed, 07 Mar 2018 10:05 AM IST
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, लखनऊ
विज्ञापन
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ - फोटो : amar ujala
विज्ञापन

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को विधानसभा में विपक्ष पर जोरदार हमला बोला। राज्यपाल के अभिभाषण पर चर्चा का जवाब देते हुए उन्होंने जहां अपनी सरकार की 11 महीने की उपलब्धियां गिनाईं वहीं प्रदेश की बदहाली के लिए पिछली सरकारों को जिम्मेदार ठहराया।

विज्ञापन


अपने एक घंटे 35 मिनट के भाषण में यूं तो योगी ने समूचे विपक्ष को ही आड़े हाथ लिया लेकिन समाजवादी पार्टी पर ज्यादा ही हमलावर रहे। नेता प्रतिपक्ष राम गोविंद चौधरी द्वारा भाजपा को देश तोड़क पार्टी बताए जाने पर उन्होंने सपा को चेताया कि वह अपनी विघटनकारी सोच अपने पास रखें। इसे फैलाने का प्रयास करेगी तो सरकार सख्ती से निपटेगी। देश को तोड़ने की बात करने वालों को हम तोड़ कर रख देंगे। योगी ने कहा कि मै हिंदू और ईद नहीं मनाता। इसका मुझे गर्व है।

मुख्यमंत्री ने सपा पर एक ही परिवार का विकास करने तथा समाज को बांटने का आरोप लगाते हुए कहा सपा अपनी ‘तोड़क नीति’ अपने तक ही सीमित रखे। नेता प्रतिपक्ष की आपत्ति और विपक्ष व सत्तापक्ष के सदस्यों के शोर-शराबे बीच भी मुख्यमंत्री ने विपक्ष पर हमला जारी रखा।
विज्ञापन


उन्होंने कहा कि अब तो जो भी भारत को तोड़ने का प्रयास करेगा, हम उसे तोड़ देंगे। नेता प्रतिपक्ष पर निशाना साधते हुए योगी ने कहा कि संविधान की कसम खाने वाला व्यक्ति अगर ऐसी बात करता है तो यह निंदनीय है। भारत कभी नहीं टूटेगा। भारत अखंड है और अखंड रहेगा। राज्यपाल के अभिभाषण के दौरान विपक्ष के आचरण की आलोचना करते हुए योगी ने कहा कि लोकतंत्र लोकलाज से चलता है, न कि जोर जबरदस्ती से।

राज्यपाल पर कागज के गोले फेंकना कहां की सभ्यता है। सदन में जो दृश्य देखने को मिला, राज्यपाल पर जो टिप्पणियां की गई वह संसदीय लोकतंत्र के लिए शुभ लक्षण नहीं हैं। राज्यपाल पर कागज के गोले फेंकना व टिप्पणियां करना शोभनीय नहीं है।

'एक झूठ सौ बार बोलने से सत्य नहीं हो जाता'

- फोटो : amar ujala
योगी ने कहा कि विपक्ष अच्छी चीजों को स्वीकार नहीं कर पा रहा है। बीते एक वर्ष में उनकी सरकार ने जो काम किया है वह पूरी दुनिया और देश ने देखा है। हमने पिछले एक वर्ष में यूपी को बदलने का काम किया है, लेकिन विपक्ष इसे देखना ही नहीं चाहता। भगवान विपक्ष को सद्बुद्धि दे। नेता प्रतिपक्ष जब बोल रहे थे तो मुझे लगा कि कहीं फिर बेहोश न हो जाएं। एक झूठ सौ बार बोलने से सत्य नहीं हो जाता।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सपा सरकार ने समाज को बांटने का काम किया। पिछली सरकारों के दौरान प्रदेश में भय का माहौल था। सरकारों ने किसानों की उपेक्षा की। प्रदेश की गरीब जनता उपेक्षा का शिकार हुई। पिछली सरकार को परिवार, तुष्टिकरण, लूट, भ्रष्टाचार, गुंडाराज और अराजकता फैलाने से फुर्सत नहीं थी तो प्रदेश के विकास की बात कैसे सोचते।

उन्होंने कहा कि बीते एक वर्ष में सरकार ने बहुत काम किया है। परंपरागत उद्योगों को बढ़ावा देने के लिए लाई गई 'वन डिस्ट्रिक्ट व वन प्रोडक्ट योजना' का खास तौर पर उल्लेख करते हुए योगी ने कहा कि केंद्र सरकार की योजनाओं के साथ इसे जोड़कर रोजगार के ज्यादा से ज्यादा अवसर पैदा करने की कोशिश कर रहे हैं। देश में पहली बार शासन की नीतियों का आधार परिवार व जाति नहीं, बल्कि गांव, गरीब, किसान, नौजवान, महिलाएं, दलित और वंचित तबका है। उन्होंने अपनी सरकार की उपलब्धियों को विस्तार से रखा।

आज के दौर का सबसे बड़ा अंधविश्वास है समाजवाद

- फोटो : amar ujala
योगी ने कहा कि समाजवाद आज के दौर का सबसे बड़ा अंधविश्वास है। बकौल योगी समाजवाद के बारे में आचार्य रजनीश ने कहा कि समाजवाद अमीरों को गरीब, गरीबों को गुलाम, बुद्धिजीवियों को बेवकूफ और नेताओं को शक्तिशाली बनाता है। यह लोग ऐसे समाजवाद की बात करते हैं, जिससे लोहिया की आत्मा दुखी हो रही होगी।

इनके शासन में समाजवाद सिर्फ चार जिलों में बिजली देने तक ही सीमित था। इन्होंने प्रदेश को बांटा। राजनीति को परिवारवाद, वंशवाद और जातिवाद के संकीर्ण दायरों में रखकर प्रदेश को अराजकता में धकेला। प्रदेश को दंगों की आग में झुलसाया। इनकी नीतियां और योजनाएं प्रदेश के विकास को लेकर थी ही नहीं। नेता प्रतिपक्ष को सच स्वीकार करने की आदत ही नहीं है।

थाने और तहसील की लगती थी बोली
मुख्यमंत्री ने पूर्ववर्ती सपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा आपके समय में तो थाने और तहसील की बोली लगती थी। थाने गिरवी रख दिए जाते थे। पहले सरकार नहीं थी। ऐसा लगता था जैसे कोई लुटेरा बैठा हो। 11 महीने में  प्रदेश की तस्वीर बदली है। सपा की सरकार में रणनीति का अपराधीकरण किया गया। सीएम आवास पर बुलाकर अपराधियों को सम्मानित किया जाता था। पहले ऐसा लगता था सरकार न चल रही हो, बल्कि लुटेरा बैठा है। आपकी सहानुभूति बेटियों व महिलाओं से ज्यादा अपराधियों के प्रति है। अपराधियों के प्रति हमारी सरकार का व्यवहार सख्त ही रहेगा। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश में एक भी एनकाउंटर फर्जी नहीं हुआ। कोई पुलिस पर गोली चलाएगा तो बचेगा नहीं।

मैं हिंदू हूं, ईद नहीं मनाता

योगी ने कहा कि मैं हिंदू हूं इसलिए ईद नहीं मनाता। इसका मुझे गर्व है। मुख्यमंत्री ने कहा कि हाल ही में एक पत्रकार ने उनसे पूछा कि दिवाली अयोध्या व होली मथुरा में मनाई तो ईद कहां मनाएंगे? मैने जवाब दिया कि मै हिंदू हूं, ईद नहीं मनाता। हमें अपनी संस्कृति पर गर्व है। लेकिन अगर कोई शांतिपूर्ण ढंग से ईद मनाना चाहता है तो सरकार पूरा सहयोग करेगी। उन्होंने कहा कि पिछली सरकारों ने तो 2007 से थानों व पुलिस लाइन में जन्माष्टमी मनाने पर रोक लगा दी। हमने इसे फिर शुरू कराया। घर में रहें तो जनेऊ पहने और बाहर जाएं तो टोपी लगाएं, ये नहीं हो सकता।

मौलवी व धर्मगुरुओं का धन्यवाद
योगी ने कहा कि विपक्षी दलों की तरफ इशारा करते हुए कहा कि इनकी सरकार में पर्व और त्यौहारों पर लोग सशंकित रहते थे कि न जाने क्या हो जाए? इस बार होली और जुमा एक दिन था। हमने कहा कि जुमा (शुक्रवार) साल में 52 बार आता है और होली एक दिन। न्यूनतम उपद्रव या यूं कहें कि बिना किसी घटना के होली का त्यौहार संपन्न हुआ। हम मुस्लिम मौलवी व धर्मगुरुओं को धन्यवाद देते हैं जिन्होंने होली के मद्देनजर नमाज का समय दो घंटे बढ़ा दिया।

बसपा अब ‘बहुजन समाजवादी पार्टी’
योगी ने लोकसभा उपचुनाव में सपा और बसपा के साथ आने पर भी चुटकी ली। उन्होंने कहा कि चुनाव प्रचार के दौरान कभी-कभी मेरे मुंह से निकल जाता था बहुजन समाजवादी पार्टी। आज यह बात सच हो गई। बसपा अब बहुजन समाजवादी पार्टी हो गई है। उन्होंने बसपा के नेता लालजी वर्मा से कहा कि आप को मुबारक हो। सपा को कंधे पर ढोइये लेकिन ये सुधरेंगे नहीं। हमने तो आपके स्मारकों का संरक्षण किया। ये तो ध्वस्त करना चाहते थे। चाय पर बैठिएगा तो ये भी पूछिएगा कि आगे कोई गेस्ट हाउस कांड तो नहीं होगा। गोरखपुर व फूलपुर के नतीजे दिखा देंगे कि दोस्ती कितनी परवान चढ़ी।
विज्ञापन

बदला माहौल इन्वेस्टर्स समिट से साबित हुआ

- फोटो : amar ujala
मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी सरकार एक साल पूरे करने जा रही है। एक वर्ष में प्रदेश का माहौल कैसे बदला और लोगों में कैसे विश्वास पैदा हुआ यह हाल ही में हुई इन्वेस्टर्स समिट ने साबित कर दिया। देश के बड़े-बड़े उद्यमी आए। 1074 एमओयू हुए और 4.68 लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव आए। प्रदेश की 22 करोड़ जनता को सुरक्षा देना हमारा दायित्व है और इससे हम पीछे नहीं हटेंगे।

चिट पर सिफारिश बंद, योग्यता पर भर्तियां
योगी ने कहा कि पिछली सरकारों में सिफारिश पर भर्तियां होती थीं। इंटरव्यू में सिफारिश की चिट भेजी जाती थी। अब आपकी चिट पर सिफारिश बंद हो गई है। समूह 'ग' व 'घ' में इंटरव्यू खत्म कर दिए गए। प्रतिभाशाली युवाओं के साथ अन्याय नहीं होगा। योग्यता के आधार पर भर्तियां होंगी। उन्होंने कहा कि पिछली सरकार ने पीएसी की 54 कंपनी समाप्त कर दी थी। हम इन्हें फिर शुरू कर रहे हैं। ये तो एटीएस व एसटीएफ भी खत्म करना चाहते थे जो अच्छा काम कर रहे हैं।

हम ‘ग’ से गणेश पढ़ाने जा रहे हैं
बेसिक शिक्षा के क्षेत्र में उपलब्धियां गिनाते हुए योगी ने कहा कि आप तो ‘ग’ से गधा पढ़ाते थे। हम ‘ग’ से गणेश पढ़ाने जा रहे हैं। यह मानसिकता की बात है। नया पाठ्यक्रम ला रहे हैं जिसमें नई पीढ़ी को सभी महापुरुषों के बारे में जानकारी मिलेगी।

प्रदेश में लाल टोपी को डुबो देंगे
योगी ने पूर्वोत्तर में चुनाव के नतीजों का उल्लेख करते हुए कहा कि त्रिपुरा में लाल झंडे को डुबो दिया, प्रदेश में लाल टोपी को डुबो देंगे। अब केसरिया का समय आ गया है। केसरिया वैभव का प्रतीक है। अब लाल टोपी के सफाया होने का समय है। इसी हताशा में आप बसपा की गोद में बैठ गए। सपा-बसपा के साथ-साथ कांग्रेस के सदस्य के टोका-टाकी करने पर योगी ने कहा कि आपका तो खाता ही नहीं खुला।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें