योगी ने 22 महीने की अपनी उपलब्धियां गिनाते हुए कहा कि पिछली सरकारों में योजनाओं का पैसा समय पर खर्च न करके पीएलए में डाल दिया जाता था और बंदरबांट होती थी। हम प्रदेश की अर्थव्यवस्था को पटरी पर लाए हैं।
15 साल में यूपी के बारे में धारणा खराब की गई थी, उसे हमारी सरकार ने ठीक किया। पहले प्रदेश के नौजवानों को बाहर जाने पर होटल में कमरा और नौकरी नहीं मिलती थी। आज युवाओं को प्रतिष्ठित संस्थानों से अच्छे ऑफर मिल रहे हैं।
कांग्रेस व राहुल पर निशाना
मुख्यमंत्री ने कुंभ को लेकर विपक्ष की ओर से उठाए गए सवाल पर कहा कि जिस चीज से देश का नाम हो या सम्मान बढ़े, उस पर विपक्ष को तो आपत्ति होगी ही। अपनी परंपराओं व संस्कृति का ध्यान होता तो आज कांग्रेस केंद्र में न्यूनतम स्तर और प्रदेश में अर्थी की स्थिति में न होती।
राहुल गांधी का नाम लिए बिना बोले, अब लोग अपना गोत्र बताने लगे हैं। जनेऊ दिखा रहे हैं। पता नहीं, गोत्र सही है कि नहीं? उन्होंने चुटकी ली कि सपा ने तो कांग्रेस को इस लायक भी नहीं समझा कि उससे समझौता करे।
योगी ने कहा कि कुंभ के कारण यूपी पर्यटन में 17वें पायदान से पहले नंबर पर आ गया है। अब तक 21 करोड़ लोग कुंभ में स्नान कर चुके हैं। मंगलवार को माघी पूर्णिमा व रविदास जंयती है। डेढ़ करोड़ लोग प्रयागराज पहुंच गए हैं।
विपक्ष के जो लोग कुंभ की आलोचना कर रहे हैं, उन्हें वहां जाना चाहिए। हालांकि चोरी-छिपे गए होंगे। हमारा नारा सबका साथ-सबका विकास है और आपका नारा सबका साथ-सबका विनाश है। विपक्ष के लिए सबका मतलब सपा और बसपा है।
अनुपूरक बजट में करेंगे गंगा एक्सप्रेस-वे के लिए प्रावधान
योगी ने कहा कि मेरठ से प्रयागराज तक गंगा का संरक्षण करते हुए 600 किलोमीटर लंबे गंगा एक्सप्रेस-वे के लिए यूपीडा ने सर्वे शुरू करा दिया है। सर्वे और पीपीआर के बाद अनुपूरक बजट में इसके लिए धनराशि का प्रावधान किया जाएगा। 36 हजार क्या, अगर 3 लाख 60 हजार करोड़ रुपये की भी जरूरत होगी तो व्यवस्था कराएंगे।