फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

2020 के लिए योगी सरकार का एजेंडा तैयार, श्रीराम मंदिर शिलान्यास सहित कई महत्वपूर्ण आयोजन होंगे

Wed, 01 Jan 2020 06:28 PM IST
ishwar ashish महेंद्र तिवारी/अमर उजाला, लखनऊ
विज्ञापन
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ। - फोटो : amar ujala
विज्ञापन

योगी सरकार का नए साल का एजेंडा तैयार है। वर्ष 2020 में श्रीराम मंदिर के शिलान्यास और गंगा यात्रा सहित कई महत्वपूर्ण आयोजनों के साथ सांस्कृतिक व धार्मिक एजेंडे को रफ्तार मिलेगी तो विकास और सुधारों का काम भी पूरी ताकत से आगे बढ़ेगा। निवेश व रोजगार बढ़ाने की पहल भी नजर आएगी। प्रदेश में जेवर एयरपोर्ट सहित चार एक्सप्रेस-वे इन्फ्रास्ट्रक्चर के जाल को बढ़ाएंगे तो युवा महोत्सव, डिफेंस एक्सपो, ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट, कॉमनवेल्थ संसदीय सम्मेलन व प्रदेश के स्थापना दिवस जैसे बड़े आयोजन नए साल के आकर्षण होंगे।

विज्ञापन


पंचायत चुनाव के साथ विधान परिषद व राज्यसभा चुनाव राजनीतिक दलों की परीक्षा लेंगे तो ठेकों में आरक्षण की व्यवस्था नए तरह का सामाजिक समीकरण बनाएगी। प्रदेश के करोड़ों किसानों के जीवन को सहज व सरल बनाने के लिए कृषि दुर्घटना बीमा योजना में सुधार होगा तो निवेशकों को मिलने वाले इंसेंटिव की व्यवस्था को नए वर्ष में ऑनलाइन करने की तैयारी है। इससे निवेशकों को इंसेंटिव के लिए दौड़ाए जाने की शिकायतें खत्म हो जाएंगी।

सरकार की आय बढ़ाने और पारदर्शी व्यवस्था के लिए संस्थागत सुधारों की पहल में स्टांप व सोसाइटी एक्ट में कई अहम संशोधन की तैयारी है। ये प्रयास नए साल में मूर्त रूप लेते नजर आएंगे। सरकार ने प्रदेश की अर्थव्यवस्था 10 खरब डॉलर करने की योजना पर काम शुरू किया है। जिलों की रैंकिंग के साथ सभी 18 मंडलों के जिला मुख्यालयों का मॉडल के रूप में विकास शुरू होगा।
विज्ञापन


सरकार ने महिलाओं से बलात्कार व बच्चों से जुड़े अपराध में जल्द से जल्द न्याय दिलाने के लिए 218 नए फास्ट ट्रैक कोर्ट की स्थापना का एलान किया है। नए वर्ष में इन अदालतों का संचालन शुरू हो जाएगा। बेसिक, माध्यमिक व उच्च शिक्षा में शिक्षकों की भर्ती के लिए शिक्षा सेवा आयोग व शिक्षकों के मामलों के निस्तारण के लिए शिक्षा अधिकरण की स्थापना की कार्यवाही चल रही है। उम्मीद है कि नए साल में ये दोनों काम शुरू कर देंगे।

निकलेगी गंगा यात्रा, रंगोत्सव व दीपोत्सव की होगी धूम

प्रदेश सरकार गंगा के किनारे वाले 26 जिलों में 27 जनवरी से गंगा यात्रा निकालने की घोषणा कर चुकी है। मुख्यमंत्री योगी की अगुआई में निकलने वाली इस यात्रा में राज्यपाल, प्रदेश के सभी मंत्री, क्षेत्रीय सांसद और विधायक शामिल होंगे। पांच दिनी यह यात्रा बिजनौर व बलिया से एक साथ शुरू होगी और कानपुर में इसका समापन होगा। तमाम गतिविधियों व योजनाओं के जरिए पूरे क्षेत्र को गंगामय बनाने की योजना है। इसी तरह दिवाली पर अयोध्या में दीपोत्सव व होली पर मथुरा में रंगोत्सव को और दिव्यता दी जाएगी।

नोएडा में जेवर व अयोध्या में श्रीराम एयरपोर्ट का काम बढ़ेगा आगे
प्रदेश सरकार दो दशक से लंबित जेवर एयरपोर्ट की स्थापना के लिए भूमि अधिग्रहण और विकासकर्ता के चयन की कार्यवाही पूरी कर चुकी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से एयरपोर्ट के शिलान्यास के लिए समय मांगा जा चुका है। फरवरी में शिलान्यास की संभावना है। इस एयरपोर्ट से प्रदेश की अर्थव्यवस्था को गति मिलने की उम्मीद है। इसी वर्ष अयोध्या में श्रीराम एयरपोर्ट का भी शिलान्यास हो सकता है। इसके लिए भूमि अधिग्रहण की कार्यवाही चल रही है।

संगीत नाटक अकादमी के 10 वर्ष से लंबित पुरस्कार बंटेंगे

संगीत नाटक अकादमी पूर्व में हर वर्ष कलाकारों को पुरस्कृत करती रही है, लेकिन पिछले 10 वर्षों से अकादमी पुरस्कारों का वितरण नहीं हुआ है। अकादमी पिछले 10 वर्ष के पुरस्कारों का एक  साथ एलान कर चुकी है। इन पुरस्कारों का वितरण नए साल में होना तय है।

ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट से अर्थव्यवस्था को मिलेगी रफ्तार
प्रदेश सरकार ने 2018 में इन्वेस्टर्स समिट का आयोजन किया था। इसमें 4.28 लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रोजेक्ट के एमओयू हुए थे। इनमें से करीब 1.25 लाख करोड़ के प्रोजेक्ट का काम शुरू हो चुका है। नए वर्ष के अक्तूबर-नवंबर में ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट (जीआईएस) के जरिए 12 से 15 लाख करोड़ रुपये के निवेश के एमओयू कर इसे ‘निवेश-कुंभ’ की पहचान देने की तैयारी है। इस समिट में भारत के अलावा करीब डेढ़ दर्जन देशों के शासकीय प्रतिनिधि और निवेशक शामिल हो सकते हैं।

प्रधानमंत्री मोदी रख सकते हैं आधारशिला

सुप्रीम कोर्ट के फैसले से वर्षों पुराने अयोध्या विवाद के समाधान के बाद गृहमंत्री अमित शाह अयोध्या में गगनचुंबी भव्य श्रीराम मंदिर की स्थापना का एलान कर चुके हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लोगों से 11 रुपये व एक शिला देने की अपील की है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इसी वर्ष अयोध्या आकर करोड़ों लोगों की आस्था के प्रतीक दिव्य व भव्य श्रीराम मंदिर की आधारशिला रखकर निर्माण कार्य की शुरुआत कर सकते हैं। चैत्र में रामनवमी या अन्य किसी शुभ अवसर पर मंदिर का शिलान्यास संभव है। अयोध्या में भगवान श्रीराम की दुनिया की सबसे ऊंची प्रतिमा की स्थापना से जुड़े कार्य का शिलान्यास भी तय माना जा रहा है।

नए साल में होने वाली प्रमुख गतिविधियां
डिफेंस एक्सपो में जुटेंगे देश-दुनिया के दिग्गज
छह से आठ फरवरी तक राजधानी लखनऊ में डिफेंस एक्सपो का आयोजन होना है। इसमें देश-दुनिया के निवेशक व रक्षा उत्पाद बनाने वाली कंपनियां शामिल होंगी। सरकार इस आयोजन के जरिए डिफेंस कॉरिडोर में बड़े निवेश की उम्मीद कर रही है। रक्षा मंत्रालय व प्रदेश सरकार मिलकर इसकी तैयारियों में जुटे हैं।

चार एक्सप्रेस-वे से बढ़ेगी रफ्तार

पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे का काम तेजी से चल रहा है। 2020 में चार नए एक्सप्रेस-वे का काम शुरू करने की योजना है। इनमें प्रयागराज से मेरठ तक गंगा एक्सप्रेस-वे, गोरखपुर लिंक एक्सप्रेस-वे, गाजीपुर से बलिया लिंक एक्सप्रेस-वे व बुंदेलखंड एक्सप्रेस-वे के लिए भूमि अधिग्रहण की कार्यवाही तेजी से चल रही है। इन सभी का शिलान्यास 2020 में किए जाने की संभावना है।

25 करोड़ पौधरोपण कर विश्व रिकॉर्ड बनाएंगे
प्रदेश सरकार ने 2019 में 22 करोड़ पौधे लगाकर विश्व रिकॉर्ड बनाया था। सरकार ने 2020 में एक से सात जुलाई के बीच वन महोत्सव का आयोजन कर 25 करोड़ पौधे लगाने का लक्ष्य तय किया है। विभागवार पौधरोपण की जिम्मेदारी तय कर दी गई है। इसके साथ ही यूपी अपने ही रिकॉर्ड को सुधारेगा।

पंचायत से परिषद और राज्यसभा तक के चुनाव की रहेगी गहमागहमी

2020 को चुनावी साल कहा जा सकता है। इस वर्ष प्रदेश की त्रिस्तरीय ग्रामीण पंचायतों का पंचवर्षीय चुनाव होगा। प्रधान, बीडीसी से लेकर जिला पंचायत सदस्यों के चुनाव तय हैं। इस वर्ष विधान परिषद व राज्यसभा के 11-11 सदस्यों का कार्यकाल पूरा हो रहा है। अप्रैल में विधान परिषद व नवंबर में राज्यसभा की रिक्त सीटों पर चुनाव हो सकता है। राजनीतिक दलों को बार-बार परीक्षा देनी होगी। हालांकि विधायकों की संख्या के हिसाब से इन चुनावों में सत्ताधारी दल का दबदबा रहेगा।

होगा कॉमनवेल्थ संसदीय सम्मेलन
15 से 19 जनवरी तक कॉमनवेल्थ पार्लियामेंट्री एसोसिएशन इंडिया रीजन का सम्मेलन होना है। इसकी मेजबानी भी प्रदेश को मिली है। इसमें लोकसभा अध्यक्ष ओम बिड़ला सहित एसोसिएशन के 181 प्रतिनिधि शामिल होंगे।
विज्ञापन

23वें राष्ट्रीय युवा महोत्सव की होगी मेजबानी

स्वामी विवेकानंद जयंती के मौके पर राष्ट्रीय स्तर पर होने वाले 23वें राष्ट्रीय युवा महोत्सव की मेजबानी यूपी को मिली है। 12 से 16 जनवरी तक होने वाले इस महोत्सव में देश भर के युवाओं का समागम होगा। इसका आयोजन केंद्र का युवा कार्य एवं खेल विभाग, प्रदेश का युवा कल्याण विभाग, नेहरू युवा संगठन व एनएसएस मिलकर कर रहे हैं।  

नियमित मुख्य सचिव का इंतजार होगा खत्म
प्रदेश में पिछले चार महीने से नियमित मुख्य सचिव नहीं हैं। कृषि उत्पादन आयुक्त राजेंद्र कुमार तिवारी मुख्य सचिव की अतिरिक्त जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। सरकार को नए साल में नियमित मुख्य सचिव पर फैसला करना है। यह इंतजार जल्द खत्म हो सकता है।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें