अयोध्या में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ।
- फोटो : amar ujala
चुनाव आयोग द्वारा 72 घंटे तक प्रचार करने से रोक लगाए जाने के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ रामलला की शरण में हैं। आज बुधवार को वह एक दिवसीय दौरे पर अयोध्या पहुंचे। जहां सबसे पहले उन्होंने नगर की सूतहटी मलिन बस्ती में अनुसूचित महावीर के घर जाकर भोजन किया और परिजनों का हालचाल लिया।
मुख्यमंत्री के जाने के बाद महावीर की पत्नी सावित्री ने कहा कि ये हमारे घर में भगवान के आने जैसी बात है। सावित्री ने बताया कि मुख्यमंत्री ने उनकी बेटी नीतू के हाथ की बनी रोटी व भिंडी की सब्जी खाई और उसके पहले गुड़ खाकर पानी पिया। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री ने घर में बिना प्लास्टर हुए मकान व कमरे में बिजली के तारों को देखकर मकान का प्लास्टर कराने व वायरिंग कराने की बात कही।
महावीर के घर से निकलकर मुख्यमंत्री करीब 100 मीटर पैदल चलकर अशर्फी भवन पहुंचे। इस बीच रास्ते में रामकुमार उसकी पत्नी सुभाषिनी, बेटी खुशबू, शिवानी व बेटे धर्मवीर व अंशू को देखकर रुक गए। मुख्यमंत्री ने उनका हालचाल लिया और रामकुमार से पूछा स्कूल बगल में है बच्चे वहां पढ़ने जाते हैं कि नहीं? जिस पर रामकुमार ने बताया कि उसके 6 वर्षीय बेटे अंशू को सुनाई नहीं देता है। इस पर मुख्यमंत्री ने अंशू को कान की मशीन दिलाने की बात कही। योगी ने परिवार को घर दिलाने का भी वादा किया।
यहां से मुख्यमंत्री मणिराम दास छावनी पहुंचे। जहां उन्होंने महंत नृत्य गोपालदास से मुलाकात की। मुख्यमंत्री योगी दिगंबर अखाड़ा पहुंच चुके हैं यहां वह संतों से मुलाकात कर उनके साथ भोजन करेंगे। उनके लिए दाल, चावल, लौकी की सब्जी, तरोई की सब्जी बनाई गई है। मीठे में रस मलाई का इंतजाम किया गया है। दिगंबर अखाड़े में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने एक नन्ही बच्ची नेहा सोनी से बातचीत की और उसका गाना भी सुना।
आचार संहिता के उल्लंघन में चुनाव प्रचार से 72 घंटे की रोक के दौरान यह उनका निजी दौरा बताया जा रहा है। यहां से वे बलरामपुर जाएंगे।
श्रीरामजन्म भूमि न्यास के सदस्य दिगंबर अखाड़ा के महंत सुरेश दास ने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ हनुमानगढ़ी व रामलला के दरबार में हाजिरी लगाएंगे।